यीडा में 17 निवेशकों को भूमि आवंटन, सीएम योगी बोले- यूपी देश की इकॉनमी का नया ब्रेकथ्रू

जेवर एयरपोर्ट, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और नई निवेश नीतियों के दम पर यूपी में बढ़ा उद्योगों का भरोसा।
Bureau 23 May 2026, 01:33 PM 1 min read
यीडा में 17 निवेशकों को भूमि आवंटन, सीएम योगी बोले- यूपी देश की इकॉनमी का नया ब्रेकथ्रू

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यीडा क्षेत्र में 17 निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब पर्यटन, व्यापार और निवेश के लिए विश्वस्तरीय डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है और प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का “ब्रेकथ्रू” बन चुका है। मुख्यमंत्री ने निवेशकों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश करने वाले उद्यमी केवल निवेशक नहीं, बल्कि राज्य सरकार के विकास साझेदार हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की नई औद्योगिक नीतियों और बेहतर कानून-व्यवस्था के चलते बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है।

 

सीएम योगी ने जेवर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और औद्योगिक परियोजनाएं विकसित हो रही हैं, वहां कुछ वर्ष पहले तक भय और अपराध का माहौल था। उन्होंने कहा कि अब यह क्षेत्र नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर पेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, व्यापारी और महिलाएं असुरक्षा महसूस करते थे तथा आधारभूत सुविधाओं की भी कमी थी। मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्तमान समय में यूपी में उद्योग और व्यापार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है।

 

विकास की पहली शर्त सुरक्षा: मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा किसी भी विकास की पहली शर्त होती है। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में बिना किसी बाधा के उद्योग-व्यापार संचालित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश देश के शीर्ष राज्यों में शामिल है, जहां एक्सप्रेसवे, सड़क नेटवर्क और एयर कनेक्टिविटी तेजी से विकसित हुई है। सीएम योगी के मुताबिक, 2017 से पहले प्रदेश में सीमित एयर कनेक्टिविटी थी, जबकि अब 16 एयरपोर्ट संचालित हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं। छह अन्य एयरपोर्ट पर कार्य जारी है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से घरेलू उड़ानों का संचालन शुरू होगा। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। उन्होंने एयरपोर्ट परियोजना को तय समयसीमा में आगे बढ़ाने के लिए यमुना अथॉरिटी के अधिकारियों और टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में निवेशकों को भूमि आवंटित की गई है, वह भविष्य में बड़ा लॉजिस्टिक और औद्योगिक हब बनने जा रहा है। यहां रोड नेटवर्क, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और एयर कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

 

15 हजार रोजगार सृजन का दावा:  मुख्यमंत्री ने बताया कि नए निवेशों से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 15 हजार रोजगार सृजित होंगे। रिन्यूएबल एनर्जी, बैटरी मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, डेटा प्रोसेसिंग, अपैरल और एमएसएमई सेक्टर में निवेश से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने जानकारी दी कि एसईएएल सोलर द्वारा 8000 करोड़ रुपये के निवेश से सोलर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित की जा रही है, जबकि एस्कॉर्ट्स कुबोटा 4500 करोड़ रुपये के निवेश से ट्रैक्टर और निर्माण उपकरण निर्माण संयंत्र लगाएगी। इन परियोजनाओं से लगभग 4000 रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है।

 

यीडा में विकसित होंगे कई औद्योगिक पार्क: सीएम योगी ने कहा कि यीडा क्षेत्र में विजनरी प्लानिंग और फास्ट ट्रैक इंप्लीमेंटेशन के तहत कई नई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि यहां इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, डेटा सेंटर पार्क, एमएसएमई पार्क और टॉय पार्क का तेजी से विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यीडा के पास 25 हजार हेक्टेयर का बड़ा लैंड बैंक विकसित किया जा रहा है। साथ ही बीडा को नए औद्योगिक शहर के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम हो रहा है।

 

महिलाओं की बढ़ी भागीदारी: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिला कार्यबल की भागीदारी बढ़ी है। उनके अनुसार, पहले जहां महिला वर्कफोर्स की भागीदारी 10 से 12 प्रतिशत थी, वहीं अब यह बढ़कर 36 से 37 प्रतिशत तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि बेहतर सुरक्षा माहौल के कारण महिलाएं अब नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं।

 

सीएम योगी ने निवेशकों से एनसीआर के साथ-साथ पूर्वांचल और बुंदेलखंड के जिलों में भी निवेश करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बलिया, कुशीनगर, सोनभद्र, चित्रकूट, महोबा, ललितपुर समेत कई जिलों में निवेश की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

अलीगंज अग्निकांड के बाद केजीएमयू पहुंचे अखिलेश यादव, पीड़ित परिवारों के लिए एक करोड़ रुपये की मदद की मांग
15 मौतों के बाद खुलीं पुरानी फाइलें, रिपोर्ट में सामने आए 1043 भवनों से जुड़े तथ्य
मोमबत्तियों की रोशनी में नम हुई आंखें, छात्रों की याद में निकला कैंडल मार्च
रात 3:30 बजे चीखों से टूटी लोगों की नींद, छत पर पहुंचते ही सामने था खून से लथपथ मां का चेहरा
'दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे'... बलिदान दिवस पर CM योगी ने याद किया डॉ. मुखर्जी का संदेश
अब बीएसबी स्कूलों के छात्रों के रिकॉर्ड भी राष्ट्रीय व्यवस्था से जुड़ेंगे, यूपी सरकार ने तेज की बड़ी प्रक्रिया
जिस इमारत में गईं 15 जानें, अब उसी पर बुलडोजर की तैयारी? 2016 का आदेश फिर चर्चा में
लखनऊ अग्निकांड के बाद सवालों की बौछार, संसद से बुलडोजर कार्रवाई तक तेज हुई सियासत
2016 में गिराने का आदेश हुआ था, फिर 15 लोगों की जान लेने वाली इमारत कैसे बची रही?