Wednesday, 25 November 2026 | Lucknow | 29°C

Kartik Purnima 2026: कार्तिक पूर्णिमा पर 30 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई पवित्र डुबकी; काशी से अयोध्या तक गूंजे जयकारे

Kartik Purnima 2026: प्रदेशभर में करीब 30 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा, सरयू और अन्य पवित्र जलधाराओं में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह की पहली किरण के साथ ही घाटों पर स्नान, पूजा-पाठ और दान-पुण्य का सिलसिला शुरू हो गया।
Bureau
Bureau News Desk
25 Nov 2026
04:15 PM
1 min read
Kartik Purnima 2026: कार्तिक पूर्णिमा पर 30 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई पवित्र डुबकी; काशी से अयोध्या तक गूंजे जयकारे
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
प्रयागराज में 10 लाख, काशी में 8 लाख और अयोध्या में 5 लाख श्रद्धालुओं ने किया स्नान
प्रमुख तीर्थस्थलों पर उमड़ा भक्तों का जनसैलाब
गढ़मुक्तेश्वर, डलमऊ और नैमिषारण्य में भी उमड़ी भीड़
काशी में आठ लाख श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

Kartik Purnima 2026: उत्तर प्रदेश में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। काशी से अयोध्या और प्रयागराज से नैमिषारण्य तक प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अनुमान के मुताबिक प्रदेशभर में करीब 30 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा, सरयू और अन्य पवित्र जलधाराओं में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह की पहली किरण के साथ ही घाटों पर स्नान, पूजा-पाठ और दान-पुण्य का सिलसिला शुरू हो गया। हर-हर गंगे, हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

सरकार की ओर से धार्मिक स्थलों के विकास और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के बीच प्रमुख तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। कार्तिक पूर्णिमा पर तीर्थराज प्रयागराज में सबसे अधिक श्रद्धालु पहुंचे। यहां करीब 10 लाख लोगों ने गंगा में पवित्र स्नान किया। भोर से ही संगम और आसपास के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। लोगों ने स्नान के बाद पूजा-अर्चना की और जरूरतमंदों को दान देकर पुण्य अर्जित किया। 

धर्मनगरी वाराणसी में कार्तिक पूर्णिमा पर करीब आठ लाख श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। श्रद्धालुओं ने दशाश्वमेध, अस्सी और अन्य प्रमुख घाटों पर स्नान कर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके बाद बाबा विश्वनाथ सहित विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। देव दीपावली की परंपरा से जुड़ी काशी में दिनभर धार्मिक उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

रामनगरी अयोध्या में करीब पांच लाख श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में पवित्र स्नान किया। सुबह से ही राम की पैड़ी और आसपास के घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। स्नान के बाद भक्तों ने रामलला सहित विभिन्न मंदिरों में दर्शन किए। जय श्रीराम के उद्घोष से पूरी अयोध्या भक्तिमय नजर आई। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। वहीं, रायबरेली के डलमऊ और सीतापुर के पौराणिक तीर्थ नैमिषारण्य में लगभग दो-दो लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की। 

Explore Related Topics

Kartik Purnima 2026 Kartik Purnima Snan Uttar Pradesh News

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News