Wednesday, 25 November 2026 | Lucknow | 29°C

UP Election 2027: गठबंधन में सीटों को लेकर खींचतान, कांग्रेस ने मांगीं 120 विधानसभा सीटें; अखिलेश ने रखी अपनी शर्त

UP Election 2027: दिल्ली में दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच हुई बैठक में कांग्रेस ने उन 120 सीटों की सूची भी सपा को सौंप दी है, जहां से वह चुनाव लड़ना चाहती है।
Bureau
Bureau News Desk
25 Nov 2026
01:16 PM
1 min read
UP Election 2027: गठबंधन में सीटों को लेकर खींचतान, कांग्रेस ने मांगीं 120 विधानसभा सीटें; अखिलेश ने रखी अपनी शर्त
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
अखिलेश यादव ने उम्मीदवारों के चयन को लेकर रखी प्राथमिकता
PDA फॉर्मूले पर भी अखिलेश का जोर
सीटों के बंटवारे पर आगे क्या होगा?
गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर मतभेद

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत तेज हो गई है। सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति बनना आसान नहीं दिख रहा है। कांग्रेस ने रुख स्पष्ट करते हुए सपा से 120 विधानसभा सीटों की मांग की है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच हुई बैठक में कांग्रेस ने उन 120 सीटों की सूची भी सपा को सौंप दी है, जहां से वह चुनाव लड़ना चाहती है।

कांग्रेस की सूची में रायबरेली और अमेठी की कई विधानसभा सीटें शामिल हैं। खास बात यह है कि इनमें कुछ सीटें ऐसी भी हैं, जहां वर्तमान में समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। इसके अलावा कांग्रेस ने सहारनपुर की दो विधानसभा सीटों पर भी अपना दावा पेश किया है। इन सीटों पर सपा पहले ही अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों का तालमेल गठबंधन के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी ने बातचीत के दौरान साफ कर दिया है कि वह 120 से कम सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं है। वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस की इस मांग पर अभी अंतिम सहमति नहीं दी गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत और तेज हो सकती है।

सीट बंटवारे की चर्चा के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गठबंधन में उम्मीदवारों के चयन को लेकर अपना नजरिया स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा है कि विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों का चयन केवल सीटों की संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि चुनावी समीकरण और भाजपा को चुनौती देने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विस्तृत पोस्ट साझा करते हुए सहयोगी दलों के बीच आपसी समझ और सहमति बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा सीट पर ऐसे साझा उम्मीदवार को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, जिसकी जीतने की संभावना सबसे अधिक हो।

सपा प्रमुख ने उम्मीदवारों के चयन में पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया। उनका मानना है कि गठबंधन को ऐसे प्रत्याशियों पर दांव लगाना चाहिए, जो पीडीए की अवधारणा का प्रतिनिधित्व करते हों और भाजपा को मजबूत चुनौती दे सकें। एक तरफ कांग्रेस 120 सीटों से कम पर समझौता नहीं करना चाहती, तो दूसरी तरफ सपा जीत की संभावना और साझा उम्मीदवारों के आधार पर सीटों का निर्धारण करना चाहती है। रायबरेली, अमेठी और सहारनपुर की सीटों पर दोनों दलों के दावों के चलते बातचीत और दिलचस्प हो गई है। अब देखना होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस सीटों के बंटवारे पर किस फॉर्मूले से सहमति बनाती हैं।

Explore Related Topics

UP Election 2027 Samajwadi Party Congress Alliance

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News