Wednesday, 25 November 2026 | Lucknow | 29°C

UP News: PDA-संविधान के नाम पर समाज को बांट रही विपक्षी पार्टियां..., पंकज चौधरी का सपा-कांग्रेस पर हमला

UP News: पंकज चौधरी सहारनपुर में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा में कहा कि संत शिरोमणि सतगुरु रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा और एनडीए का संकल्प है।
Bureau
Bureau News Desk
25 Nov 2026
01:23 PM
1 min read
UP News: PDA-संविधान के नाम पर समाज को बांट रही विपक्षी पार्टियां..., पंकज चौधरी का सपा-कांग्रेस पर हमला
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
650वीं जयंती पर निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा
कांग्रेस और सपा पर बाबा साहब के अपमान का लगाया आरोप
सहारनपुर के विकास के लिए उपलब्धियां गिनाईं
दलित और गरीब परिवारों के लिए योजनाओं का किया जिक्र

UP News: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पार्टियां पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) और संविधान के नाम पर समाज को जातियों में बांटने का प्रयास कर रही हैं। दलितों और पिछड़ों के प्रति प्रेम केवल चुनावी दिखावा है। सपा शासनकाल में गुंडे-माफियाओं का बोलबाला था और चाचा-भतीजा मिलकर प्रदेश को लूटने का काम करते थे। उत्तर प्रदेश की जनता उनके शासन और कार्यशैली को अच्छी तरह जानती है।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहारनपुर में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि सतगुरु रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा और एनडीए का संकल्प है। संत रविदास ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां सभी को भोजन मिले और किसी के साथ जाति या धर्म के आधार पर भेदभाव न हो। पंकज चौधरी ने बताया कि संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर 29 जुलाई को काशी से समरसता संकल्प अभियान शुरू किया गया था। अभियान के तहत देशभर में लगभग 29 हजार कलश वंदना यात्राएं निकाली गईं और 51 हजार स्थानों पर समरस दीप महोत्सव आयोजित किए गए। 30 हजार से अधिक संतों का आशीर्वाद भी इस अभियान को मिला है। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जालंधर से 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा को रवाना किया था। सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए 2,402 किलोमीटर की दूरी तय कर यह यात्रा सहारनपुर पहुंची है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को उनके जीवनकाल में उचित सम्मान नहीं दिया और लंबे समय तक उन्हें भारत रत्न से वंचित रखा। अनुच्छेद 370 का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसके कारण जम्मू-कश्मीर में वाल्मीकि और दलित समाज के लोग नागरिक अधिकारों तथा आरक्षण से वंचित थे। मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाकर उन्हें समान अधिकार दिलाए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन में सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ गरीबों तक नहीं पहुंचता था, जबकि 2014 से अब तक मोदी सरकार ने 54 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे हैं। 

सपा पर हमला बोलते हुए चौधरी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में गरीबों की जमीनों पर कब्जे, सरकारी नौकरियों में पक्षपात और माफियाओं का प्रभाव था। उन्होंने 2012 से 2017 के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुए दंगों और पलायन का भी मुद्दा उठाया। पंकज चौधरी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने सहारनपुर में सड़क, शिक्षा, पर्यटन और उद्योगों को बढ़ावा दिया है। दिल्ली से कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ एक्सप्रेसवे से व्यापारियों, किसानों और काष्ठ कारीगरों को फायदा मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पुवांरका में मां शाकम्भरी राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना से सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का अवसर मिला है। मां शाकम्भरी देवी धाम के पर्यटन विकास के लिए 50 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

Explore Related Topics

Pankaj Chaudhary BJP Uttar Pradesh UP BJP President

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News