UP Election 2027: यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी बुधवार को संविधान दिवस के अवसर पर चुनावी घोषणा पत्र जारी करने जा रही है। पार्टी ने घोषणा पत्र को 'जन-मन का मैनिफेस्टो' नाम दिया है। इसके साथ 'सत्ताईस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र' का नारा भी दिया गया है। सपा इस घोषणा पत्र के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जनता से जुड़े मुद्दे सामने रखेगी।
पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि घोषणा पत्र में महिलाओं, युवाओं और पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण की रक्षा को भी पार्टी चुनावी अभियान का प्रमुख मुद्दा बनाएगी। समाजवादी पार्टी का यह घोषणा पत्र पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन की देखरेख में तैयार किया जा रहा है। पार्टी महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्गों के लिए रोजगार, शिक्षा, सामाजिक न्याय और आरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण वादे पेश कर सकती है।
सपा की रणनीति है कि चुनाव से पहले घोषणा पत्र जारी करके अपने मुद्दों को प्रदेश के हर जिले और गांव तक पहुंचाया जाए। इससे पार्टी को जनता के बीच अपनी योजनाओं और वादों पर चर्चा करने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। इसके अलावा पार्टी की ओर से अलग-अलग मंडलों और जिलों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय घोषणा पत्र भी जारी करने की योजना है। इससे स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को चुनावी एजेंडे में शामिल किया जा सकेगा।
सपा कार्यालय में 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर पीडीए घोषणा पत्र जारी करने के बाद संविधान मार्च का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल होंगे। संविधान मार्च की शुरुआत नेहरू भवन स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके बाद मार्च एनेक्सी होते हुए हजरतगंज पहुंचेगा। यहां बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ संविधान मार्च का समापन होगा। मार्च में राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, पूर्व सांसद पीएल पुनिया और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें