Thursday, 16 July 2026 | Lucknow | 29°C

चिराग पासवान का यूपी पर बड़ा बयान, 405 सीटों पर तैयारी - गठबंधन को लेकर भी दिया जवाब

लखनऊ में प्रदेश कार्यसमिति बैठक के दौरान बोले लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष, कहा- संगठन विस्तार पर पूरा फोकस; मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सकारात्मक बातचीत की भी दी जानकारी
Bureau
Bureau News Desk
15 Jul 2026
07:27 PM
1 min read
चिराग पासवान का यूपी पर बड़ा बयान, 405 सीटों पर तैयारी - गठबंधन को लेकर भी दिया जवाब
इमेज सोर्स - लखनऊ संवाददाता आर के पाल
हाइलाइट्स
चिराग पासवान ने कहा कि उत्तर प्रदेश पार्टी की पहली प्राथमिकता है।
प्रदेश में संगठन विस्तार पर विशेष जोर देने की बात कही।
405 विधानसभा सीटों को ध्यान में रखकर तैयारी की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सकारात्मक बातचीत होने की बात कही।

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। इसी बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को लखनऊ में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति बैठक के दौरान संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण संकेत दिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पार्टी की पहली प्राथमिकताओं में शामिल है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

राजधानी लखनऊ के होटल रेनसां में पत्रकारों से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि उत्तर प्रदेश उनके पिता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के दिल के बेहद करीब रहा है। इसी कारण प्रदेश में संगठन को मजबूत करना और पार्टी का विस्तार करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पूछे गए सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी प्रदेश की सभी 405 विधानसभा सीटों को ध्यान में रखकर अपनी तैयारियां कर रही है। हालांकि चुनाव में किस दल के साथ गठबंधन होगा या पार्टी किस स्वरूप में चुनाव लड़ेगी, इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर समय आने पर पार्टी नेतृत्व उचित फैसला करेगा।

चिराग पासवान ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनकी विभिन्न विषयों पर सकारात्मक बातचीत हुई है। हालांकि उन्होंने बातचीत के विषयों का विस्तृत विवरण सार्वजनिक नहीं किया।

यह खबर भी पढ़े - 2027 की लड़ाई से पहले लोकदल ने खोले चुनावी पत्ते, इंडिया गठबंधन और ईवीएम दोनों पर किया बड़ा ऐलान

पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान विपक्ष ने संविधान और आरक्षण को लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि यह कहा गया था कि संविधान खतरे में पड़ जाएगा और आरक्षण समाप्त कर दिया जाएगा, लेकिन अब विपक्ष को अपने उन दावों का जवाब देना चाहिए।

चिराग पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी किसी एक वर्ग की नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की पार्टी है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी सभी समुदायों और वर्गों के हितों के साथ खड़ी है तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने के उद्देश्य से काम कर रही है।

डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर हो रही राजनीतिक बयानबाजी को लेकर पूछे गए प्रश्न पर चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि विपक्ष उनके नाम का राजनीतिक उपयोग कर रहा है और उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने बताया कि संगठन को गांव और कस्बों तक मजबूत बनाने के लिए पार्टी लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में चौपाल कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और आम लोगों से संवाद स्थापित किया जा रहा है।

चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी युवाओं का स्वागत करती है और अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार युवाओं की भागीदारी से संगठन को और मजबूती मिलेगी।

Explore Related Topics

चिराग पासवान लोक जनशक्ति पार्टी एलजेपी रामविलास उत्तर प्रदेश राजनीति यूपी चुनाव 405 सीटें योगी आदित्यनाथ रामविलास पासवान लखनऊ समाचार एलजेपी बैठक

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News