Ayodhya Janakpur Train: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने पर रामभक्तों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस पहल को भारत-नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि अवध और मिथिला के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के हाथों भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा का शुभारंभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा से त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करने वाले इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने के लिए उन्हें अयोध्या धाम में उपस्थित रहने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ सरयू की धारा से अभिसिंचित श्री अयोध्या धाम और माँ कमला के जल से अभिसिंचित माता जानकी की पावन भूमि जनकपुर को जोड़ने वाली यह ट्रेन 'विरासत और विकास' के अद्भुत संगम के साथ ही भारत-नेपाल की साझी सांस्कृतिक विरासत एवं प्रगाढ़ मैत्री का प्रतीक बनेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वास जताया कि भारत और नेपाल के बीच सदियों से चले आ रहे आत्मीय संबंध आधुनिक रेल कनेक्टिविटी के माध्यम से और मजबूत होंगे। उन्होंने इस पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विरासत भी, विकास भी' और 'नेबरहुड फर्स्ट' विजन का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रेल सेवा से दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा आसान होगी। इसके साथ ही धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकता और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अवध को मिथिला से जोड़ने वाली इस पहल के लिए सभी रामभक्तों को हृदय से शुभकामनाएं दीं।
सीएम योगी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों के बीच 'रोटी-बेटी' का रिश्ता है। भगवान श्रीराम और माता जानकी का विवाह दोनों क्षेत्रों की साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। अयोध्या के लोग जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं, जबकि मिथिला क्षेत्र में भगवान श्रीराम को पाहुन के रूप में सम्मान दिया जाता है। उन्होंने विवाह पंचमी की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि जनकपुर में राम-जानकी विवाह उत्सव के दौरान अयोध्या में भी मंगल गीत गूंजते हैं। राम मंदिर आंदोलन में नेपाल के संतों और श्रद्धालुओं के योगदान को भी मुख्यमंत्री ने याद किया।
मुख्यमंत्री ने भारत और नेपाल के आध्यात्मिक संबंधों का जिक्र करते हुए पशुपतिनाथ, काशी विश्वनाथ, मुक्तिनाथ और गोरखनाथ मंदिर की परंपराओं को साझा आस्था का उदाहरण बताया। उन्होंने भगवान बुद्ध की विरासत का उल्लेख करते हुए लुंबिनी, कपिलवस्तु, श्रावस्ती, सारनाथ और कुशीनगर को दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों की महत्वपूर्ण कड़ियां बताया। अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच शुरू हो रही सरयू-कमला एक्सप्रेस से दोनों धार्मिक नगरियों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा। अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि नेपाल का जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। अब तक श्रद्धालुओं को इस यात्रा के दौरान कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती थी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें