PM Modi-Balen Shah Meeting: भारत और नेपाल के रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को नई पहल हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के बीच नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग, धार्मिक पर्यटन, शिक्षा, ऊर्जा और सीमा कनेक्टिविटी को लेकर कई अहम फैसले किए गए। प्रधानमंत्री ने नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के डेवलपमेंट पैकेज की घोषणा की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोसी देशों का नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, साझा इतिहास और संस्कृति का रिश्ता है। दोनों देशों की खुशियां और चुनौतियां भी साझा हैं। नेपाल में आई बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान पर उन्होंने संवेदना व्यक्त की और कहा कि भारत का संकल्प प्रभावित परिवारों के जीवन को दोबारा पटरी पर लाना और विकास के नए अवसर तैयार करना है।
पीएम मोदी ने भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम और माता सीता दोनों देशों की साझा आस्था और सभ्यता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि साल 2018 में जनकपुर की पावन धरती पर मैंने कहा था कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसी सांस्कृतिक जुड़ाव को आगे बढ़ाने के लिए अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू की गई है। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
भारत और नेपाल के बीच शिक्षा और तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। नेपाल में IIT का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने की पहल को आगे बढ़ाने की बात कही गई। इसके अलावा लुंबिनी और बोधगया जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच संपर्क बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री ने धारचुला मार्ग, सीमा पर इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट और बिहार, उत्तर प्रदेश तथा नेपाल के बीच सड़क संपर्क को मजबूत करने की योजनाओं का भी उल्लेख किया। ऊर्जा और जलविद्युत परियोजनाओं में सहयोग बढ़ाने के फैसले भी इस दौरे के प्रमुख परिणामों में शामिल रहे।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत की सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब भी नेपाल पर कोई संकट आता है, भारत सबसे पहले मदद के लिए आगे आता है। बालेन शाह ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध आपसी सम्मान, अटूट विश्वास और सद्भावना पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ने से नेपाल में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध हिमालय की तरह मजबूत और महासागरों की तरह विशाल हैं। दोनों देश आपसी सहयोग से अपनी साझा संस्कृति और मित्रता को आगे बढ़ाते रहेंगे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें