Cyclone Alert: देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने प्रचंड चक्रवाती तूफान 'अकवान' को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश होने की आशंका जताई गई है। वहीं, पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में भी आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश का खतरा बना हुआ है। उत्तर भारत में मौसम ठंडा होने के साथ सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के प्रभावित समुद्री क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है। तटीय इलाकों के लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गयी है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को प्रभावित कर सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और ओडिशा में बहुत भारी बारिश हो सकती है। चक्रवात अकवान के प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 से 22 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है।
वहीं 23 और 24 नवंबर को इन इलाकों में व्यापक बारिश का अनुमान है। केरल, रायलसीमा और माहे में 18 से 24 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तेलंगाना में 19 से 21 नवंबर, लक्षद्वीप में 22 से 24 नवंबर और कर्नाटक के तटीय व दक्षिणी आंतरिक इलाकों में भी बारिश का पूर्वानुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 19-20 नवंबर को तेज हवाओं, आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। यहां कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है।
मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 21-22 नवंबर और पूर्वी हिस्सों में 20-23 नवंबर तक बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को व्यापक बारिश का अलर्ट है। यहां कुछ स्थानों पर भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। विदर्भ में 20 से 22 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 21 और 22 नवंबर को बारिश होने का अनुमान है। 21 नवंबर को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी आशंका है।
पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। पश्चिम बंगाल में 19 से 21 नवंबर, झारखंड में 20 और 21 नवंबर तथा ओडिशा में 19 और 20 नवंबर को व्यापक बारिश का अनुमान है। ओडिशा में 19-20 नवंबर को अत्यधिक भारी बारिश और तेज हवाओं के साथ तूफान की आशंका है। बिहार में 21 और 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 20-21 नवंबर को व्यापक बारिश की संभावना है। असम और मेघालय में 20-21 नवंबर को गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें