CM Yogi Janta Darshan: सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन के दौरान अलग ही अंदाज में नजर आए। आमतौर पर लोगों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को निर्देश देने वाले सीएम योगी इस बार एक बच्चे के अभिभावक की भूमिका में दिखाई दिए। जनता दर्शन में गोंडा से आए कक्षा 8 के छात्र प्रिंस साहू की फरियाद सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने करीब पांच मिनट तक उसकी काउंसलिंग की। मुख्यमंत्री ने बच्चे को पढ़ाई के साथ क्रिकेट में आगे बढ़ने का भरोसा दिलाया।
गोंडा जनपद के इटियाथोक थाना क्षेत्र के पड़री पारासराय गांव में रहने वाले प्रिंस साहू को क्रिकेट खेलने का शौक रखता है। वह क्रिकेट के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहता है। वह देश और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहता है। लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते वह अपने सपने को पूरा नहीं कर पा रहा है। परिवार की आर्थिक तंगी के चलते प्रिंस न तो क्रिकेट कोचिंग की फीस भर पा रहा है और न ही क्रिकेट किट खरीद पा रहा है।
इसी समस्या को लेकर वह राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचा था। फरियादियों की कतार में बैठे प्रिंस पर जैसे ही मुख्यमंत्री की नजर पड़ी तो स्वयं उसके पास पहुंचे और उसकी समस्या के बारे में पूछा। बच्चे ने अपनी समस्या और क्रिकेटर बनने की इच्छा के बारे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बताया। प्रिंस की बातें सुनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उसे बड़े ही आत्मीय भाव में समझाया।
उन्होंने कहा कि बेटा, तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए पढ़-लिखकर प्रिंस बनो। हम क्रिकेट में भी तुम्हारा एडमिशन करवा देंगे। प्रिंस को सलाह देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी वह कक्षा 8 में है, इसलिए क्रिकेट खेलने के साथ पढ़ाई पर भी ध्यान देना चाहिए। प्रिंस अच्छे अंकों से परीक्षा पास करे। बाद में सरकार की ओर से उसे आर्थिक मदद और क्रिकेट कोचिंग में दाखिला दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से प्रिंस के चेहरे पर खुशी झलक उठी।
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक-एक फरियादी के पास पहुंच उनकी समस्याएं सुनीं और शिकायतों के जल्द निस्तारण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये। आर्थिक मदद और इलाज की गुहार लेकर आए लोगों को भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी भी नागरिक का उपचार नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के अस्पताल से इलाज का एस्टीमेट मिलते ही सरकार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी। इसके साथ ही पुलिस, राजस्व, शिक्षा और बिजली विभाग से जुड़ी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजा गया। मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देश दिया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को संतुष्टि मिल सके।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें