Monday, 23 November 2026 | Lucknow | 29°C

Bisleri Water: बिसलेरी के पानी में मिले केमिकल, कंपनी बोली: पानी पूरी तरह सेफ, नहीं मिला कोई नोटिस

Bisleri Water: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है।
Bureau
Bureau News Desk
23 Nov 2026
12:57 PM
1 min read
Bisleri Water: बिसलेरी के पानी में मिले केमिकल, कंपनी बोली: पानी पूरी तरह सेफ, नहीं मिला कोई नोटिस
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
पानी के सैंपल में मिले खतरनाक रासायनिक तत्व
दो बार जांच में फेल हुआ नमूना
कंपनी ने रिपोर्ट पर उठाए सवाल
देशभर में बोतलबंद पानी की जांच की तैयारी

Bisleri Water: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। बिसलेरी ने पानी की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों पर सफाई दी है। कंपनी ने दावा किया कि गोवा स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से लिए गए पानी के नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हैं और उसका पानी पूरी तरह पीने योग्य है। कंपनी का बयान एफएसएसएआई की ओर से मुकदमा चलाने की मंजूरी दिए जाने के बाद सामने आया है।

बिसलेरी ने कहा कि उसे एफएसएसएआई की कार्रवाई से संबंधित कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। कंपनी के मुताबिक इस संबंध में न तो कोई हार्ड कॉपी भेजी गई है और न ही ईमेल के माध्यम से सॉफ्ट कॉपी मिली है। कंपनी ने यह भी दावा किया कि संबंधित कार्रवाई की जानकारी उसकी वेबसाइट पर भी उपलब्ध नहीं है। बिसलेरी का दावा है कि मामला काफी पुराना है।

11.png

अपने बयान में कंपनी ने बताया कि पानी के नमूने की जांच को लेकर अलग-अलग प्रयोगशालाओं के नतीजों में अंतर सामने आया था। बिसलेरी के अनुसार एफएसएसएआई की ओर से जांच के बाद कंपनी ने दोबारा परीक्षण की मांग की थी। इसके बाद उसी नमूने को एक मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में भेजा गया, जहां ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई। कंपनी का दावा है कि इस जांच की रिपोर्ट एफएसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय में जमा करा दी गई थी। इसके बाद उसे कोई अतिरिक्त जानकारी या नोटिस नहीं मिला।

बिसलेरी ने कहा कि उसने समझा कि मामला समाप्त हो चुका है। गुणवत्ता प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि पानी के निर्माण और पैकेजिंग के दौरान 10 चरणों में कुल 90 तरह के परीक्षण किए जाते हैं। कंपनी के मुताबिक, उपभोक्ताओं को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। उसने यह भी कहा कि पूरे मामले में उसने एफएसएसएआई की जांच में सहयोग किया है और उसका उत्पाद सुरक्षित है।

दूसरी ओर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण का कहना है कि शुरुआती प्रयोगशाला जांच में पानी के नमूने में ब्रोमेट निर्धारित सीमा से अधिक पाया गया था। इसके आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नमूने को असुरक्षित घोषित किया गया। कंपनी की अपील के बाद नमूने को रेफरल प्रयोगशाला में दोबारा जांच के लिए भेजा गया। वहां पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाए जाने के कारण नमूने को फिर असुरक्षित बताया गया। नियामक के अनुसार जांच में खाद्य सुरक्षा कानून के प्रावधानों का उल्लंघन सामने आने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले के बाद अन्य पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांडों के नमूनों की भी जांच की जा सकती है। 

Explore Related Topics

Bisleri News Bisleri Water Quality Bisleri FSSAI Controversy

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News