ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बदमाशों ने घर में मौजूद दो नाबालिग बच्चों को झांसा देकर दो एलपीजी सिलेंडर चोरी कर लिए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात: पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि बाइक सवार दो युवक घर के बाहर पहुंचे, कुछ मिनट अंदर रहे और फिर दो गैस सिलेंडर लेकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाश करीब 2 से 3 मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर निकल गए।
गैस एक्सचेंज के नाम पर बच्चों को किया गुमराह: पुलिस जांच में सामने आया है कि घर में उस समय 12 और 14 वर्ष के दो बच्चे ही मौजूद थे। उनके माता-पिता निजी कंपनियों में कार्यरत हैं और उस समय घर पर नहीं थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बच्चों से कहा कि वे गैस सिलेंडर बदलने आए हैं। बच्चे गैस एजेंसी की प्रक्रिया से अनजान थे, इसलिए उन्होंने बिना विरोध किए बदमाशों को सिलेंडर ले जाने दिया।
15–20 मिनट के गैप का उठाया फायदा: बीटा-2 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपियों ने पहले से घर की रेकी की थी। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि बच्चों की मां उनके स्कूल से लौटने के कुछ समय बाद घर पहुंचती हैं, जबकि पिता पहले ही काम पर निकल जाते हैं। इसी 15 से 20 मिनट के अंतराल का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
मां के लौटने पर सामने आया मामला: घटना के कुछ देर बाद जब बच्चों की मां घर पहुंचीं, तो उन्हें सिलेंडर चोरी होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीटा-2 थाने में चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए थे आरोपी: पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि आरोपियों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा, “हमने आसपास के मार्गों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की है। आरोपियों की पहचान के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है और नजदीकी गैस एजेंसियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।”
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें