Saturday, 01 August 2026 | Lucknow | 29°C

नाले की शिकायत बनी मौत की वजह, सफाई को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदला - युवक की हत्या के आरोप में ग्राम प्रधान के पति समेत 18 पर केस

लखनऊ के गोसाईंगंज में नाले की सफाई को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, एक युवक की मौत, कई घायल, पीड़ित परिवार का आरोप- शिकायत से नाराज होकर घर में घुसकर किया गया हमला
Bureau
Bureau News Desk
01 Aug 2026
12:44 PM
1 min read
नाले की शिकायत बनी मौत की वजह, सफाई को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदला - युवक की हत्या के आरोप में ग्राम प्रधान के पति समेत 18 पर केस
सोर्स - लखनऊ संवाददाता (प्रदीप यादव)
हाइलाइट्स
गोसाईंगंज के रसूलपुर टिकनियामऊ गांव में नाले की सफाई को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदला।
40 वर्षीय आजाद की मौत, परिवार के कई सदस्य घायल।
ग्राम प्रधान के पति समेत 16 नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज।
चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

राजधानी लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में नाले की सफाई को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार को हिंसक संघर्ष में बदल गया। रसूलपुर टिकनियामऊ गांव में हुई इस घटना में 40 वर्षीय आजाद की मौत हो गई, जबकि उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। मृतक के परिजनों ने ग्राम प्रधान के पति मोहम्मद हसीब और उनके समर्थकों पर घर में घुसकर हमला करने तथा आजाद की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान के पति सहित 16 नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतक की पत्नी अंजू के अनुसार उनके घर के सामने नाला जाम होने के कारण लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। इस संबंध में उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान के पति मोहम्मद हसीब से शिकायत की थी।

यह खबर भी पढ़े - अधिकारियों को स्पष्ट संदेश, योजनाओं में लापरवाही और गौसंरक्षण में कमी पर होगी कार्रवाई

आरोप है कि शिकायत किए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। पीड़िता का कहना है कि पहले उन्हें धमकियां दी गईं और बाद में शुक्रवार रात करीब आठ बजे आरोपी अपने समर्थकों के साथ उनके घर पहुंच गए।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी लोहे की रॉड, बांका और लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुसे और आजाद पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी अंजू भी हमले में घायल हो गईं। मृतक के भाई रोहित, बेटे प्रदीप और परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि हमलावर घटना के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

मृतक के भाई रंजीत का कहना है कि घटना से कुछ घंटे पहले उन्होंने गोसाईंगंज थाने में लिखित शिकायत देकर कथित धमकियों की जानकारी दी थी। उनका आरोप है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो यह घटना टाली जा सकती थी। पुलिस ने इस आरोप को भी जांच के दायरे में शामिल किया है।

यह खबर भी पढ़े - लखनऊ में पप्पू यादव के खिलाफ प्रदर्शन, प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर माफी की मांग

पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी अंजू की तहरीर पर ग्राम प्रधान के पति मोहम्मद हसीब सहित 16 नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या, घर में घुसकर हमला, जानलेवा मारपीट और धमकी देने सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सुमित, अभिषेक, राम सुचित और अमित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

घटना की सूचना मिलते ही गोसाईंगंज पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

डीसीपी दक्षिण मो. मुश्ताक ने बताया कि नाले के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस घटना में एक युवक की मौत हुई है जबकि दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हुए हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। डीसीपी ने कहा कि सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि घटना से पहले शिकायत दिए जाने की बात जांच में सही पाई जाती है तो उस पहलू की भी अलग से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Explore Related Topics

लखनऊ हत्या गोसाईंगंज न्यूज नाले की सफाई विवाद ग्राम प्रधान पति हत्या केस उत्तर प्रदेश क्राइम घर में घुसकर हमला पुलिस जांच डीसीपी दक्षिण हत्या का मुकदमा

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News