>अयोध्या, 27 जून 2025 – प्रभु श्रीराम के दिव्य-दर्शन के लिए उमड़ रही भक्तों की भीड़ ने इतिहास रच दिया है। 22 जनवरी 2024 को भव्य राम मंदिर में रामलला के पुनः प्रतिष्ठापन के बाद अब तक करीब 5.5 करोड़ श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर दर्शन-पूजन कर चुके हैं।
>इस पावन नगरी में केवल आम जनमानस ही नहीं, बल्कि देश-विदेश की नामचीन हस्तियां भी प्रभु श्रीराम की चरण वंदना के लिए अयोध्या आ रही हैं। अब तक साढ़े चार लाख वीआईपी श्रीराम दरबार में मत्था टेक चुके हैं।
वीआईपी से लेकर विदेशी मेहमान तक कर चुके हैं दर्शन
>राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों से लेकर केंद्रीय मंत्रियों तक, देश के हर कोने से आए गणमान्य व्यक्तियों ने रामलला के दर्शन किए हैं। कई राज्यपाल तो दो-दो बार अपने परिजनों के साथ दर्शन को आ चुके हैं। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के मालिक एलन मस्क के पिता एरल मस्क भी हाल ही में अयोध्या पहुंचे थे और उन्होंने पारंपरिक भारतीय परिधान में दर्शन कर इस अनुभव को “आध्यात्मिक और अविस्मरणीय” बताया।
बॉलीवुड और क्रिकेट सितारों की भी उमड़ी श्रद्धा
>राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में अमिताभ बच्चन, सचिन तेंदुलकर, कंगना रनौत सहित कई दिग्गज शामिल हुए थे। हाल ही में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा समेत गोविंदा ने भी रामलला के दर्शन किए। अयोध्या अब सिर्फ आस्था का नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और एकता का प्रतीक बन चुका है।
आम श्रद्धालुओं को भी हो रहा सहज दर्शन
>मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बार-बार यह निर्देश दिए हैं कि दर्शन व्यवस्था में किसी भी श्रद्धालु को कठिनाई नहीं होनी चाहिए। ऑनलाइन पास व्यवस्था से लेकर भीड़ प्रबंधन व सुरक्षा मानकों तक, हर स्तर पर दर्शन को सुलभ बनाया गया है।
वीआईपी गेस्ट हाउस भी होगा अयोध्या का नया आकर्षण
>अयोध्या में वीआईपी की बढ़ती संख्या और सुरक्षा के मद्देनज़र पांच ब्लॉक वाला आधुनिक गेस्ट हाउस तैयार किया जा रहा है। यह गेस्ट हाउस प्रधानमंत्री सहित शीर्ष प्रतिनिधियों के रुकने के लिए तैयार किया जा रहा है।
आस्था, व्यवस्था और आत्मगौरव की त्रिवेणी बनी अयोध्या
>रामलला के दर्शन के लिए उमड़ रही श्रद्धा इस बात का प्रमाण है कि अयोध्या अब धार्मिक पर्यटन का वैश्विक केंद्र बन चुकी है। डबल इंजन सरकार की नीति और तकनीकी प्रबंधन के सहारे यह नगरी केवल अध्यात्म का नहीं, बल्कि आधुनिक भारत की प्रगति और सांस्कृतिक गौरव की पहचान बनती जा रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें