यूपी में वोटर लिस्ट बनी सियासी विस्फोट, अखिलेश बोले - हारते ही सिस्टम बदल देती है बीजेपी

SIR प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी हुई अंतिम सूची, PDA वोट काटने का लगाया आरोप।
Bureau 10 Apr 2026, 08:20 PM 1 min read
यूपी में वोटर लिस्ट बनी सियासी विस्फोट, अखिलेश बोले - हारते ही सिस्टम बदल देती है बीजेपी

उत्तर प्रदेश में एसएआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी। इस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

राज्य में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के साथ ही राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर तेज हो गया है। अखिलेश यादव ने कहा, बीजेपी जब हारने लगती है तो चुनाव आयोग से हाथ मिला लेती है। इसके बावजूद जिस तरह लोकसभा में हराया था, उसी तरह 2027 में भी बीजेपी को हराएंगे। 

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराने के बाद उनकी पार्टी अन्य राज्यों की ओर भी रुख करेगी। अखिलेश यादव ने एसएआर प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि इस प्रक्रिया के जरिए पीडीए वर्ग के मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।

 

जयपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यह एक योजनाबद्ध प्रक्रिया है, जिसमें बीजेपी और चुनाव आयोग मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि फॉर्म-7 को इस प्रक्रिया में एक बड़े हथियार के रूप में इस्तेमाल किया गया, जिसके जरिए मतदाताओं के नाम हटाए गए।

 

वोटर लिस्ट जारी होने के बाद सपा प्रमुख ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि जब भी बीजेपी को हार का अंदेशा होता है, तब चुनाव आयोग को आगे कर दिया जाता है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने का दावा दोहराया।

 

पश्चिम बंगाल में असदुद्दीन ओवैसी और हुमायूँ कबीर से जुड़े विवाद और गठबंधन टूटने पर उन्होंने कहा कि वहां कई घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहते। वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार के राज्यसभा जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि वे उन्हें प्रधानमंत्री पद से रिटायर होते देखना चाहते थे, लेकिन अब वे राज्यसभा सदस्य के रूप में रिटायर होंगे।

 

फाइनल वोटर लिस्ट के सामने आते के साथ ही प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। आगामी चुनावों को देखते हुए सभी दलों की ओर से अपने-अपने दावे और आरोप सामने आ रहे हैं।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें