प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 (UPITS 2025) का तीसरा संस्करण शुरू करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच के तहत 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस मेगा आयोजन में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, कृषि, सांस्कृतिक और नवाचार क्षमताओं का भव्य प्रदर्शन होगा।
यूपीआईटीएस 2025 का उद्देश्य केवल निवेश और व्यापार को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि प्रदेश को वैश्विक मंच पर स्थापित करना और युवाओं, उद्यमियों व अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए फ्यूचर-रेडी प्लेटफॉर्म तैयार करना है। यह आयोजन “क्राफ्ट, कल्चर और कुज़ीन” के संगम का प्रतीक बनकर उत्तर प्रदेश की विविध पहचान को दुनिया के सामने पेश करेगा।
तीन वर्षों में दोगुना आकार और वैश्विक पहचान
2023 में पहला संस्करण 1914 प्रदर्शकों और 400 विदेशी खरीदारों के साथ आयोजित हुआ था। दूसरे संस्करण में 2122 प्रदर्शक, 350 विदेशी खरीदार और 5 लाख विजिटर्स शामिल हुए। तीसरे संस्करण में 2500 से अधिक प्रदर्शक, 500 विदेशी खरीदार और 5 लाख से अधिक विजिटर्स आने की उम्मीद है। पिछले आयोजनों ने 2200 करोड़ रुपए से अधिक के निर्यात ऑर्डर और 40 करोड़ रुपए की सीधी बिक्री के साथ निवेश और व्यापार का केंद्र बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ओडीओपी पवेलियन: लोकल से ग्लोबल की यात्रा
हॉल नंबर 9 में 343 स्टॉल्स के माध्यम से प्रत्येक जिले के सिग्नेचर प्रोडक्ट्स प्रदर्शित होंगे। भदोही का कालीन, फिरोजाबाद का ग्लासवर्क, मुरादाबाद का मेटलवेयर और सहारनपुर की नक्काशी जैसे उत्पाद वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किए जाएंगे। यह पवेलियन स्टार्टअप्स, डिज़ाइनर्स और अंतरराष्ट्रीय बायर्स के लिए नेटवर्किंग और साझेदारी के अवसर भी प्रदान करेगा।
रूस–इंडिया बिजनेस डायलॉग: नए अवसरों का द्वार
इस वर्ष रूस पार्टनर कंट्री के रूप में सम्मिलित हो रहा है। 26 सितंबर को आयोजित बिजनेस डायलॉग में भारत और रूस के उद्योगपतियों, वित्तीय संस्थानों, बीमा कंपनियों और नीति-निर्माताओं को साझा मंच मिलेगा। यह अवसर आर्थिक सहयोग, तकनीकी साझेदारी और संयुक्त उपक्रमों को बढ़ावा देगा।
एआई और तकनीकी नवाचार की झलक
आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग 200 वर्ग मीटर क्षेत्र में एआई मॉडल का लाइव डेमॉन्सट्रेशन पेश करेगा। कर्व्ड एलईडी वॉल, स्मार्ट वीडियो डिस्प्ले, वीआईपी लाउंज और स्टार्टअप्स के लिए समर्पित क्षेत्र तकनीकी प्रगति और नवाचार को प्रदर्शित करेंगे।
निवेश और विकास का केंद्र: इंडिया एक्सपो मार्ट
हॉल 1 से 8 और 15 में बी2बी गतिविधियां, हॉल 9, 10 और 12 में बी2सी गतिविधियां, तथा हॉल 11 और 14 दोनों का हब बनेगा। प्रदर्शनी में यूपीसीडा, इन्वेस्ट यूपी, जीनीडा, यीडा, सिविल एविएशन, रूस पवेलियन, आईटी/इलेक्ट्रॉनिक्स, पर्यटन, ओडीओपी, कृषि, डेयरी, टेक्सटाइल और लॉजिस्टिक्स जैसे सेक्टर्स शामिल होंगे।
स्वाद उत्तर प्रदेश: खानपान की विविधता
हॉल 3 से 7 तक 25 फूड स्टॉल्स लगाए जाएंगे। बनारसी पान, मथुरा का पेड़ा, मुरादाबादी दाल, खुर्जा की खुरचन और अन्य व्यंजन आगंतुकों को यूपी की खानपान परंपरा से रूबरू कराएंगे।
सीएम युवा पवेलियन: युवाओं को उद्यमिता से जोड़ेगा
हॉल 18ए में 150 इनोवेटिव स्टॉल्स स्थापित किए जाएंगे। यहां फ्रेंचाइजी और टेक्नोलॉजी आधारित बिजनेस मॉडल, एग्रीटेक, हेल्थटेक और स्टार्टअप आइडियाज प्रदर्शित होंगे। 27 सितंबर को 27 प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के साथ एमओयू हस्तांतरण भी होगा।
सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत प्रदर्शन
यूपीआईटीएस 2025 में भोजपुरी, अवधी, बुंदेली और थारू लोक परंपराओं के रंगीन प्रदर्शन होंगे। सुगम संगीत, कथक और सूफी गायन के साथ दिनेश लाल ‘निरहुआ’, पद्मश्री मालिनी अवस्थी और प्रतिभा सिंह बघेल जैसे कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 निवेश, नवाचार, तकनीकी प्रगति और सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत संगम साबित होगा और प्रदेश को वैश्विक मानचित्र पर नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें