>उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के नाम पर एक नई छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत का ऐलान किया। यह स्कॉलरशिप 12वीं कक्षा के बाद उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्रों को दी जाएगी, विशेषकर वे छात्र जो अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और वैज्ञानिक शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं।
>मुख्यमंत्री ने कहा कि शुभांशु शुक्ला न केवल यूपी बल्कि पूरे भारत के गौरव हैं, जिन्होंने ऐतिहासिक ‘एक्सिओम-4 मिशन’ के तहत 18 दिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर रहकर 60 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्सा लिया। उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने वाली है।
>सीएम योगी ने कहा कि यूपी में कुछ साल पहले तक किसी भी संस्थान में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी से जुड़े पाठ्यक्रम उपलब्ध नहीं थे। लेकिन आज गोरखपुर स्थित मदन मोहन मालवीय तकनीकी विश्वविद्यालय, एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (AKTU) और दर्जनों तकनीकी संस्थानों में डिग्री व डिप्लोमा कोर्स उपलब्ध हैं। यह परिवर्तन उत्तर प्रदेश को वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
>मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह छात्रवृत्ति केवल वित्तीय सहयोग का माध्यम नहीं होगी, बल्कि यह युवाओं को अंतरिक्ष, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन, कृषि नवाचार और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्रों में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि शुक्ला का अनुभव भविष्य की पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शन का काम करेगा।
>सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ विजन को साकार करने में विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान की अहम भूमिका होगी। अंतरिक्ष तकनीक के इस्तेमाल से आपदा प्रबंधन और किसानों की आय बढ़ाने जैसे कार्य भी संभव हैं।
>उन्होंने इसरो (ISRO) के साथ साझेदारी को और मजबूत करने की बात कही, ताकि यूपी के युवाओं को अंतरिक्ष अनुसंधान में और अधिक अवसर मिल सकें।
>कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभांशु शुक्ला को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा उनकी अंतरिक्ष यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शुभांशु शुक्ला की यात्रा ने न केवल लखनऊ बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें