Ambedkar Nagar News : जलालपुर क्षेत्र के नगपुर मुस्तफाबाद गांव में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में 28 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रवि मौर्य पुत्र पारस मौर्य के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों ने युवक की मौत पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या से जोड़कर जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगपुर मुस्तफाबाद निवासी रवि मौर्य का शव घर से कुछ दूरी पर एक पेड़ से वायर के सहारे गले में लटका मिला। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। परिजनों और ग्रामीणों ने घटना की वास्तविकता सामने लाने और सभी पहलुओं की गहनता से जांच करने की मांग की है।
बताया जाता है कि रवि दो भाइयों में सबसे बड़ा था। वह करीब तीन महीने पहले हरियाणा में नौकरी करता था, लेकिन कुछ समय पूर्व घर लौट आया था। उसका छोटा भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। परिवार के बड़े बेटे की इस तरह मौत होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से मिले दो मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस युवक की मौत से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें