UP News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद से चौंका देने वाली खबर सामने आयी है। यहां पुलिस को एक मकान के अंदर जमीन में दबाकर रखे गए करोड़ों रुपये मिले हैं। नोटों की गड्डियां ड्रम में भरकर जमीन के नीचे छिपाई गई थीं। बड़ी मात्रा में जमीन के अंदर रखी नकदी बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने बरामद नोटों में अब तक चार करोड़ रुपये की गिनती की है। बताया जा रहा है कि बरामद रकम 60 करोड़ रुपये से अधिक होने की चर्चा है।
मिली जानकारी के मुताबिक मामला प्रयागराज के बरईपुर रामनगर का है। व्यक्ति कुछ साल पहले पुणे में एक फर्म में काम करता था। सूत्रों के मुताबिक आरोप है कि वह नोटबंदी के दौरान वहां से बोरियों में भरे रुपये लेकर भाग निकला था। इसके बाद वह गांव लौटा और कई बीघा जमीन खरीदी। इसके साथ ही बची हुई नकदी को ड्रम में रखकर मकान के अंदर जमीन में दबा दिया। हाल ही में पड़ोसी पट्टीदार से उसकी किसी बात को लेकर लड़ाई हो गई। इसके बाद जमीन में रुपये छिपाकर रखने की बात पुलिस तक पहुंच गयी।
जमीन के अंदर बड़ी संख्या में नकदी रखे होने की जानकारी मिलते ही पुलिस हैरान रह गयी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। घटना के संबंध में डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने कहा कि बरईपुर रामनगर में एक मकान से करोड़ों रुपये बरामद किये गये हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और नकदी के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मकान को पुलिस द्वारा घेरने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। जमीन के अंदर नोटों का जखीरा मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें