UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर से मौसम में बदलाव होने लगा है। सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली समेत कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग का कहना है कि गुरूवार से पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्यांचल के कई जनपदों में बारिश का दायरा बढ़ सकता है। बादलों की आवाजाही के साथ ही तेज हवाएं चलने से तापमान में भी गिरावट आएगी। बारिश होने से प्रदेश में ठंड बढ़ने की संभावना है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 29 से 31 अक्टूबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्यांचल और दक्षिण के कुछ जनपदों में तेज झोंकेदार हवाएं चलने के साथ ही बारिश होने की संभावना है। चक्रवाती तूफान अर्णब और पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में सात से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट भी होगी।
मौसम विभाग ने मिर्जापुर, प्रयागराज, चंदौली, सोनभद्र, वाराणसी, भदोही और गाजीपुर में भारी बारिश होने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जनपदों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम खराब रहेगा। इन जनपदों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं मौसम विभाग ने चित्रकूट, देवरिया, गोरखपुर, आजमगढ़, जौनपुर, मऊ, कौशांबी, प्रतापगढ़, कुशीनगर, बलिया, सुल्तानपुर और अंबेडकरनगर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के 45 जनपदों में गरज-चमक के साथ व्रजपात होने और और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। आने वाले कुछ समय में मौसम में होने वाले बदलाव को देखते हुए आम जनमानस को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी जाती है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें