अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद मोहल्ले में सोमवार देर रात पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने खुद पर चाकू से हमला कर लिया। जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद मोहल्ला निवासी 40 वर्षीय राजन मद्देशिया पुत्र किशोरी लाल फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करते हैं। सोमवार देर रात करीब एक बजे परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद राजन काफी नाराज हो गए और घर में रखी चाकू से खुद पर हमला कर लिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
अकबरपुर कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते राजन मद्देशिया ने खुद को घायल कर लिया। उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि युवक के स्वस्थ होने के बाद मामले के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की जाएगी।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें