>उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में 04 से 11 दिसंबर 2025 तक ‘भारतीय भाषा उत्सव-2025’ का आयोजन किया जाएगा। शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर होने वाले इस स्टेटवाईड कार्यक्रम में लगभग 1.32 लाख विद्यालयों के 1.48 करोड़ विद्यार्थी शामिल होंगे।
>बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस उत्सव की थीम ‘Many Languages, One Emotion’ निर्धारित की गई है। आदेश के अनुसार, आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की बहुभाषीय परंपरा, मातृभाषा के महत्व और विविध भाषाओं की साहित्यिक संवेदनाओं से परिचित कराना है। यह उत्सव महाकवि सुब्रमण्यम भारती की जयंती पर 11 दिसंबर को समाप्त होगा।
>सात दिवसीय कार्यक्रम में प्रतिदिन अलग थीम पर गतिविधियाँ होंगी। 04 दिसंबर को विद्यालयों में भाषा वृक्ष एवं भाषाई विरासत वाल बनाई जाएगी। 05 दिसंबर को विभिन्न भाषाओं की कविताओं और गीतों का प्रस्तुतिकरण होगा। 06 दिसंबर को भारतीय भाषाओं के त्योहारों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम और ‘Voice of Language Podcast’ आयोजित किया जाएगा। 08 दिसंबर को कहावतों में निहित एकता पर आधारित गतिविधियाँ होंगी, जबकि ‘भाषा मित्र’ कार्यक्रम में विद्यार्थी एक-दूसरे को नए शब्द सिखाएंगे। 09 दिसंबर को ‘भाषा बन्धु पत्र’ और बहुभाषीय कहानी-श्रृंखला आयोजित की जाएगी। 10 दिसंबर को भाषा अन्वेषण क्लब सक्रिय रहेंगे और 11 दिसंबर को इंटरऐक्टिव भाषा मेला तथा भाषा-रंगमंच का आयोजन होगा।
>स्कूल महानिदेशक मोनिका रानी, के अनुसार भारतीय भाषा उत्सव-2025 विद्यार्थियों में मातृभाषा के प्रति आत्मीयता और भारतीय भाषाओं के सम्मान को सुदृढ़ करेगा। यह पहल भाषाई समझ और बहुभाषीय दक्षता को बढ़ाएगी।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें