>नोएडा। आधुनिक सोसायटी और हाई-सिक्योरिटी के बावजूद घरेलू चोरियों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र स्थित सेक्टर-121 की क्लियो काउंटी सोसाइटी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां और उसकी दो बेटियों ने घरेलू सहायिका बनकर घरों में काम करने के बहाने लाखों के जेवरात चुरा लिए। नोएडा पुलिस ने इस चोरी गैंग का भंडाफोड़ कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
>पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं में गीता देवी और उसकी दो बेटियां शालू व शिवानी शामिल हैं। ये महिलाएं सुनियोजित तरीके से घरेलू नौकरानी बनकर घरों में घुसती थीं और मौका मिलते ही जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर देती थीं।
>सीसीटीवी ने खोली पोल, पुलिस ने किया खुलासा
>थाना फेस-3 के प्रभारी निरीक्षक ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि हाल ही में क्लियो काउंटी सोसाइटी में रहने वाले एक व्यक्ति ने घर से सोने-चांदी के गहनों की चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में सीसीटीवी फुटेज और आसपास की पूछताछ के आधार पर दोनों बेटियों की पहचान हुई, जो उस घर में घरेलू सहायिका के रूप में कार्यरत थीं।
>जांच को और आगे बढ़ाते हुए पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि इस चोरी की योजना में उनकी मां गीता देवी भी शामिल थी, जो पहले भी कई संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रही है।
>पूछताछ में कबूला अपराध, जेवरात भी बरामद
>गिरफ्तार तीनों महिलाओं से पूछताछ के दौरान यह साफ हुआ कि वे पहले से ही चोरी की नीयत से घरों में काम करने जाती थीं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इससे पहले भी कई घरों में इसी तरह चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
>पुलिस ने उनके पास से चोरी के जेवरात बरामद कर लिए हैं और पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग ने कितने इलाकों में चोरी की घटनाएं कीं और चोरी के सामान को कहां बेचा या छुपाया गया।
>नोएडा पुलिस की अपील: नौकरों का पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं
>इस घटना ने एक बार फिर घरों में काम करने वाले नौकरों के पुलिस सत्यापन की आवश्यकता को सामने ला दिया है। नोएडा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कोई भी घरेलू कर्मचारी रखने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें