Bhanvi Kumari: प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा स्थित बेती राजभवन में आयोजित हो रही बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा शुरू हो गयी है। श्रीराम कथा को लेकर जनसत्ता दल के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी ने भी अपनी इच्छा जाहिर की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भानवी कुमार ने भावुक पोस्ट साझा कर ससुराल आने और श्रीराम कथा सुनने की इच्छा प्रकट की है।
भानवी कुमारी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट लिखा कि बेती राजभवन में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से होने वाली भव्य श्रीराम कथा का समाचार सुनकर मन श्रद्धा और आस्था से भर गया है। उन्होंने आगे लिखा कि उनकी हार्दिक इच्छा है कि वह इस पावन आयोजन में शामिल हों और भगवान श्रीराम की कथा का श्रवण करें। भानवी कुमारी अपने पोस्ट में राजा भैया को हजूर कहकर संबोधित किया है। साथ ही उम्मीद जताई कि रघुराज प्रताप सिंह उनकी धार्मिक और आध्यात्मिक इच्छा का सम्मान करेंगे और उन्हें इस आयोजन में शामिल होने का अवसर देंगे।

भानवी कुमारी ने पोस्ट में परिवार के बीच प्रेम, विश्वास और सद्भाव कायम होने की कामना भी की। उन्होंने भगवान श्रीराम से प्रार्थना की कि परिवार में व्याप्त नकारात्मकता, कटुता और अशांति समाप्त हो तथा रिश्तों में फिर से मधुरता और एकजुटता आए। उन्होंने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर से भी आध्यात्मिक आशीर्वाद और मार्गदर्शन की अपील की। भानवी ने उम्मीद जताई कि इस धार्मिक आयोजन से परिवार में सकारात्मकता, प्रेम और आपसी विश्वास का वातावरण स्थापित हो सकेगा।
भानवी कुमारी ने संदेश में श्रीराम कथा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने लिखा कि श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन में मर्यादा, त्याग, करुणा और धैर्य जैसे मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देती है। उनकी कामना है कि बेती राजभवन में होने वाली कथा केवल धार्मिक और आध्यात्मिक चेतना का माध्यम न बने, बल्कि परिवारों को जोड़ने और रिश्तों में विश्वास मजबूत करने का संदेश भी दे। भानवी कुमार की इस भावुक अपील पर राजा भैया की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें