Wednesday, 18 November 2026 | Lucknow | 29°C

UP Voter List 2027: यूपी की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 13.58 करोड़ वोटर दर्ज; 18-19 साल के मतदाताओं की संख्या में गिरावट

UP Voter List 2027: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के तहत 17 नवंबर को प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इस नई सूची में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।
Bureau
Bureau News Desk
17 Nov 2026
02:01 PM
1 min read
UP Voter List 2027: यूपी की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 13.58 करोड़ वोटर दर्ज; 18-19 साल के मतदाताओं की संख्या में गिरावट
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले चुनाव आयोग ने जारी की नई मतदाता सूची
महिलाओं के नाम पुरुषों से ज्यादा बढ़े
16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा और आपत्ति
महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान

UP Voter List 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। नई सूची में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। अप्रैल 2026 में जारी पिछली अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले इस बार मतदाताओं की संख्या में 18 लाख 84 हजार 113 की बढ़ोतरी हुई है। नई मतदाता सूची के आंकड़ों में कई बदलाव भी सामने आए हैं। जहां महिला मतदाताओं की संख्या में पुरुषों की तुलना में ज्यादा वृद्धि हुई है, वहीं 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं की संख्या में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। विधानसभा चुनाव से पहले इन आंकड़ों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यह जानकारी  मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लोक भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। नवदीप रिणवा के अनुसार नई ड्राफ्ट मतदाता सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष मतदाता शामिल हैं। वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 है। 4,042 तृतीय लिंग के मतदाता भी सूची में दर्ज हैं। अप्रैल 2026 की अंतिम सूची से तुलना करें तो पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7 लाख 87 हजार 449 की वृद्धि हुई है। दूसरी ओर महिला मतदाताओं के नाम में 10 लाख 96 हजार 828 का इजाफा हुआ है। यानी इस अवधि में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं के नाम ज्यादा जुड़े हैं।

तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी आई है। पिछली सूची में इस श्रेणी के 4,206 मतदाता दर्ज थे, जो अब घटकर 4,042 रह गए हैं। नई ड्राफ्ट मतदाता सूची में महिला मतदाताओं का अनुपात भी बेहतर हुआ है। अप्रैल की अंतिम सूची में प्रति 1,000 पुरुष मतदाताओं पर 834 महिलाएं थीं। अब यह आंकड़ा बढ़कर 840 हो गया है। इसी तरह ईपी रेशियो भी 55.17 से बढ़कर 55.95 दर्ज किया गया है। इन आंकड़ों से मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी के अनुपात में वृद्धि का संकेत मिलता है।

प्रदेश में अनुमानित वयस्क महिला आबादी करीब 7.84 करोड़ है, जबकि मतदाता सूची में लगभग 6.20 करोड़ महिलाओं के नाम दर्ज हैं। इस तरह दोनों आंकड़ों के बीच करीब 1.64 करोड़ का अंतर है। वहीं, पुरुषों की अनुमानित वयस्क आबादी 8.32 करोड़ और मतदाता सूची में दर्ज पुरुषों की संख्या 7.38 करोड़ है। इनके बीच लगभग 94.17 लाख का अंतर बताया गया है। इस स्थिति को देखते हुए चुनाव आयोग ने जिला प्रशासन को पात्र महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर्स, एएनएम, स्वयं सहायता समूहों और अन्य सामुदायिक संगठनों की सहायता ली जाएगी। अनुमानित वयस्क आबादी और पंजीकृत मतदाताओं के बीच के अंतर को सीधे छूटे हुए पात्र मतदाताओं की संख्या नहीं माना जा सकता।

नई मतदाता सूची का सबसे महत्वपूर्ण आंकड़ा युवा मतदाताओं से जुड़ा है। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी के बजाय भारी कमी दर्ज की गई है। 10 अप्रैल 2026 की अंतिम मतदाता सूची में इस आयु वर्ग के 17 लाख 63 हजार 360 मतदाता थे। लेकिन 17 नवंबर को जारी नई ड्राफ्ट सूची में इनकी संख्या घटकर 11 लाख 83 हजार 352 रह गई है। इस तरह करीब सात महीने में 5 लाख 80 हजार 8 युवा मतदाताओं की कमी दर्ज हुई है। यह आंकड़ा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि 2027 के विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में युवा पहली बार मतदान करने के पात्र होंगे। निर्वाचन आयोग ने एक जनवरी 2027 को पात्रता की निर्धारित तारीख माना है। ऐसे में जिन युवाओं की उम्र इस तारीख तक 18 वर्ष पूरी हो जाएगी, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी करने के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इसके तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता अपना नाम जुड़वाने, गलत जानकारी ठीक कराने या अन्य आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं। विशेष शिविरों के दौरान मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी मौजूद रहेंगे। वे मतदाताओं को ड्राफ्ट सूची देखने और जरूरी आवेदन फॉर्म भरने में सहायता करेंगे। इसलिए जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है या जिनकी जानकारी में कोई गलती है, वे निर्धारित समय के भीतर आवेदन कर सकते हैं।  

निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार:

  • 17 नवंबर: ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी।

  • 17 नवंबर से 16 दिसंबर: दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि।

  • 21 और 22 नवंबर: विशेष मतदाता शिविर।

  • 28 और 29 नवंबर: विशेष मतदाता शिविर।

  • 28 दिसंब: दावों और आपत्तियों का निस्तारण पूरा करने की निर्धारित तारीख।

  • 4 जनवरी: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन।

 

Explore Related Topics

UP Voter List 2027 Uttar Pradesh Voter List UP Draft Voter List

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News