UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर आज होने वाली अहम बैठक अचानक टल गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की नई दिल्ली में मंगलवार को सीटों के बंटवारे समेत कई अहम मुद्दों को लेकर मुलाकात प्रस्तावित थी। बैठक में यूपी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन की रणनीति और सीटों के तालमेल पर चर्चा विमर्श होना था। बताया जा रहा है कि सपा और कांग्रेस के बीच होने वाली बैठक को तीन से चार दिन के लिए आगे बढ़ा दिया गया है।
जानकारी के अनुसार सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव बैठक में शामिल होने के लिए सोमवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच बैठक के टलने के अहम वजह पार्टियों की ओर से सीटों को लेकर चल रही रणनीतिक तैयारियां मानी जा रही है। उल्लेखनीय है कि सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने स्थिति स्पष्ट करते हुए उत्तर प्रदेश की 181 विधानसभा सीटों पर दावा पेश किया है। दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर सोमवार को हुई बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई।
बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और गठबंधन की संभावनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया। कांग्रेस की इस मांग के बाद सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे का मुद्दा राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। अब दोनों दलों के बीच होने वाली बैठक पर सभी की निगाहें नजरें टिकी हैं। दूसरी ओर कांग्रेस ने यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां भी तेज कर दी हैं।
नई दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में चुनावी रणनीति को लेकर बैठक हुई। इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में चुनावी तैयारियों, संचालन और प्रदेश कार्यकारिणी के गठन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही कांग्रेस की दिसंबर के पहले सप्ताह से उत्तर प्रदेश में सभाएं शुरू करने की तैयारी है। इन सभाओं में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी हिस्सा लेंगी। अब देखना यह है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बैठक में सीटों के बंटवारे को लेकर क्या सहमति बनती है और 2027 के चुनाव के लिए सपा-कांग्रेस गठबंधन की तस्वीर किस तरह सामने आती है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें