>ग्रेटर नोएडा में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2025 के भव्य उद्घाटन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब प्रदर्शनी का अवलोकन किया, तो राज्य स्वच्छ गंगा मिशन-उत्तर प्रदेश का स्टॉल सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रहा। यह स्टॉल केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि तकनीक और परंपरा का ऐसा अद्भुत संगम था, जिसने हर आगंतुक को गंगा से भावनात्मक रूप से जोड़ दिया।
>नवाचार और जनसंपर्क की दृष्टि से शानदार प्रस्तुति देने वाले इस स्टॉल को UPITS 2025 का Best Stall Award प्रदान किया गया। एनामॉर्फिक डिस्प्ले, रियल टाइम रिवर राइड, गंगा घाटों की वर्चुअल आरती और गेम-ज़ोन जैसी तकनीकों ने इस अनुभव को और जीवंत बना दिया। हर आगंतुक को ऐसा अहसास हुआ मानो वे स्वयं गंगा किनारे या नाव पर सवार हों।
>स्टॉल पर आयोजित गंगा क्विज़ और इंटरैक्टिव गेम्स ने बच्चों से लेकर बड़ों तक को जोड़े रखा। विजेताओं को स्मृति-चिह्न के रूप में टी-शर्ट और कैप्स भेंट किए गए, जिससे यह अनुभव और भी यादगार बन गया।
>राज्य स्वच्छ गंगा मिशन-उत्तर प्रदेश के परियोजना निदेशक प्रभास कुमार ने कहा कि, “यह स्टॉल हमारे मिशन की आत्मा को दर्शाता है, जहाँ महाकुंभ की भव्यता से लेकर छोटी नदियों के पुनरोद्धार तक, परंपरा और तकनीक का संतुलित मेल दिखाई देता है।”
>वहीं कम्युनिकेशन एंड आउटरीच यूनिट हेड सोनलिका सिंह ने बताया कि, “हमारा उद्देश्य यह था कि आगंतुक केवल देखें नहीं बल्कि महसूस करें। इसी सोच के तहत वीआर, रियल टाइम विजुअल्स और इंटरैक्टिव अनुभव शामिल किए गए।”
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें