Lucknow Flight Ticket Price: त्योहारों के खत्म होने के बाद राजधानी लखनऊ से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं। दिवाली, भैया दूज और छठ पूजा हो जाने के बाद विमानों का किराया आसमान तक पहुंच गये हैं। त्योहारों के संपन्न हो जाने के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या के चलते लखनऊ से मुंबई जाने वाली फ्लाइट का किराया 26,774 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं दिल्ली का हवाई टिकट 8,216 रुपये तक बिक रहा है।
नवंबर में त्योहारों का सिलसिला शुरू होने से पहले ही ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट देखने को मिल रही थी। कन्फर्म टिकट न मिलने के चलते बड़ी संख्या में यात्रियों ने विमान से सफर करना बेहतर समझा। त्योहार नजदीक आने पर फ्लाइट की बुकिंग बढ़ गयी और एयरलाइंस ने किराये में बढ़ोतरी कर दी। अब त्योहारों के खत्म होने के बाद यात्रियों की वापसी शुरू हो गई है। जिसके चलते हवाई टिकटों की मांग बनी हुई है।
ट्रैवल एजेंसी संचालकों के अनुसार अगले एक से दो सप्ताह में किराये सामान्य होने की उम्मीद है। आम दिनों में लखनऊ से मुंबई का टिकट पांच से 6,000 रुपये में मिल जाता है, लेकिन फिलहाल अब हवाई सफर का किराया पांच गुना तक महंगा हो गया है। लखनऊ से मुंबई की सीधी उड़ानों में अकासा एयर का किराया सबसे अधिक है। अकासा एयर का लखनऊ से मुंबई का किराया 26,774 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं इंडिगो का टिकट 25,071 रुपये और एयर इंडिया एक्सप्रेस का किराया 24,599 रुपये है।
दिल्ली की उड़ानों में एयर इंडिया का किराया 8,216 रुपये, इंडिगो का 7,753 रुपये और एयर इंडिया एक्सप्रेस का 6,411 रुपये चल रहा है। इसके साथ ही लखनऊ से बेंगलुरु जाने वाली उड़ानों में एयर इंडिया का किराया 25,914 रुपये, इंडिगो का 19,750 रुपये, अकासा एयर का 16,267 रुपये और एयर इंडिया एक्सप्रेस का 15,732 रुपये तक पहुंच गया है। दूसरी ओर अहमदाबाद के लिए एयर इंडिया का टिकट 29,733 रुपये और इंडिगो का 24,142 रुपये में मिल रहा है। कोलकाता जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट का किराया 7,972 रुपये, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस का टिकट 15,785 रुपये तक पहुंच गया है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें