Lucknow Jail Suicide Case: राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला जेल में प्रेमिका की मौत के मामले में बंद कारोबारी अवनीश जायसवाल उर्फ देव ने गुरुवार को सुसाइड कर लिया। अवनीश का शव जेल के बाथरूम में तौलिए के सहारे बने फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी होते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। अवनीश प्रेमिका समरीन की मौत के मामले में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था। जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गये। लगभग 37 दिन पहले बीते 12 अक्टूबर को होटल सेलेस्टियल मैन्योर से गिरकर 24 साल की समरीन की मौत हो गयी थी। इस मामले में अवनीश पर सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगा था।
मिली जानकारी के अनुसार बीते 12 अक्टूबर को लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित होटल सेलेस्टियल मैन्योर में समरीन की 10वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। घटना के समय समरीन होटल में अवनीश जायसवाल के साथ थी। समरीन की मौत हो जाने के बाद अवनीश मौके से भाग निकला था। मामले में पुलिस ने अवनीश के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया था।
वारदात के तीन दिन बाद 15 अक्टूबर को अवनीश ने एसीजेएम कोर्ट में सरेंडर किया था। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया था। उल्लेखनीय है कि समरीन पांच बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर पर थी। उसके पिता मोहम्मद तज्जू का लगभग सात साल पहले मुंबई में निधन हो चुका था। उसके भाई इमरान और आमिर क्रमशः सऊदी अरब और ओमान में रहते हैं, जहां वे कपड़ों पर कारीगरी का काम करते हैं। लगभग छह साल पहले समरीन की शादी चौपटिया की तंबाकू मंडी के पास हुई थी। शादी के बाद उसके बच्चे की मौत हो गई।
बच्चे की मौत हो जाने के बाद उसके वैवाहिक जीवन में विवाद बढ़ने लगा और लगभग एक साल बाद वह अपनी मां और बहनों के साथ रहने लगी थी। पुलिस के मुताबिक अवनीश जायसवाल अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर का रहने वाा था। टांडा रोड ओवरब्रिज के पास भूषण मशीनरी स्टोर नाम से दुकान है। जहां पर उसके पिता संतलाल जायसवाल बैठते हैं। परिवार में तीन भाई और चार बहनें हैं। अवनीश अपने ननिहाल सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर कस्बे रहता था। गुरुवार को जेल के बाथरूम में अवनीश का शव मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें