Ambedkar Nagar News: जिले में अल्ट्रासाउंड केंद्रों के संचालन और पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जनपदीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न अल्ट्रासाउंड केंद्रों से संबंधित प्राप्त आवेदनों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान नोडल अधिकारी डॉ. मनोज कुमार सिंह ने समिति के समक्ष अलग-अलग आवेदनों को प्रस्तुत किया। सभी आवेदनों की जांच और आवश्यक दस्तावेजों के परीक्षण के बाद समिति ने नियमानुसार निर्णय लिया। कुछ आवेदनों को अनुमति एवं स्वीकृति प्रदान करने का निर्णय हुआ, जबकि कुछ को निरस्त कर दिया गया। वहीं, आवश्यक जांच और निरीक्षण की जरूरत वाले आवेदनों को लंबित रखने पर सहमति बनी।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में पीसीपीएनडीटी अधिनियम के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए अल्ट्रासाउंड केंद्रों की निगरानी और निर्धारित नियमों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी.एन. यादव, डॉ. लता चौधरी और अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार वर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस बैठक को जिले में अल्ट्रासाउंड केंद्रों की व्यवस्था को नियमों के अनुरूप संचालित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें