Ambedkar Nagar News: अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के सौनगांव में सोमवार को फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक से जा रहे मोहम्मद आरिफ उर्फ गुड्डू पुत्र अख्तर अली पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर दी। घटना में आरिफ घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। घायल मोहम्मद आरिफ सौनगांव के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि वह पेशे से अधिवक्ता हैं और अपने परिवार के इकलौते बेटे हैं। उनका परिवार मुंबई में रहता है।
घायल आरिफ की ओर से पुलिस को दी गई लिखित तहरीर में पुरानी मुकदमेबाजी और जमीन संबंधी विवाद को घटना की वजह बताया गया है। तहरीर में मुस्ताक, नफीस, सलीम, प्रदीप, रवि, रामकेवल और राजेश के नाम का उल्लेख किया गया है। वहीं, स्थानीय स्तर पर मुस्ताक अहमद नामक व्यक्ति द्वारा दो-तीन दिन पहले जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है। घटना को लेकर छह राउंड फायरिंग की सूचना है। बताया जा रहा है कि कुछ गोलियां बाइक की गद्दी से भी निकाली गई हैं। आरिफ के हाथ और जांघ में गोली लगने की जानकारी मिली है।
डायल 112 के माध्यम से सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और अधिकारियों ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायल के बयान और लिखित तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नोहर ने बताया कि मामले में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। फिलहाल घटनास्थल पर कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। फायरिंग की इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की वजहों की जांच में जुटी है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें