Tuesday, 17 November 2026 | Lucknow | 29°C

UP News: बेकरी-कन्फेक्शनरी के उत्पादों के लिए सख्त नियम, घटिया सामग्री-प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल पर कार्रवाई

UP News: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश ने बेकरी और कन्फेक्शनरी उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
Bureau
Bureau News Desk
16 Nov 2026
04:56 PM
1 min read
UP News: बेकरी-कन्फेक्शनरी के उत्पादों के लिए सख्त नियम, घटिया सामग्री-प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल पर कार्रवाई
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
केक-बिस्कुट में मिलावट करने वालों पर शिकंजा
अखबार में पैकिंग और प्रतिबंधित रंगों पर रोक
बेकरी कारोबारियों के लिए बदले नियम
ब्रेड की गुणवत्ता और पैकेट की जानकारी होगी अनिवार्य

UP News: प्रदेश में ब्रेड, बिस्कुट, केक, पेस्ट्री, कुकीज, चॉकलेट और कैंडी बनाने तथा बेचने वाले कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश ने बेकरी और कन्फेक्शनरी उत्पादों की गुणवत्ता के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब कारोबारियों को कच्चे माल की गुणवत्ता, साफ-सफाई, खाद्य रंगों, भंडारण, पैकेजिंग और लेबलिंग से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन करना होगा। नियमों की अनदेखी करने पर कार्रवाई की जा सकती है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार, मैदा, आटा, कोको पाउडर, अंडे, मेवे, मार्जरीन और अन्य कच्चे माल की नियमित जांच करनी होगी। फफूंद, दुर्गंध, असामान्य रंग या मिलावट मिलने पर ऐसे सामान को तुरंत अलग करना होगा। दूध, कस्टर्ड और पेस्ट्री फिलिंग जैसे जल्दी खराब होने वाले खाद्य पदार्थों के लिए भंडारण से लेकर परिवहन तक कोल्ड चेन बनाए रखना जरूरी होगा। उत्पादों को आकर्षक बनाने के लिए रोडामिन बी, मेटानिल येलो और सुडान डाई जैसे औद्योगिक रंगों का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके अलावा पोटैशियम ब्रोमेट, पोटैशियम आयोडेट, फॉर्मेलिन, बोरिक एसिड और सैलिसिलिक एसिड जैसे प्रतिबंधित पदार्थों का उपयोग भी नहीं किया जा सकेगा। केवल अनुमन्य खाद्य रंगों और प्रिजर्वेटिव का निर्धारित मात्रा में इस्तेमाल किया जा सकता है।

बेकरी उत्पादों की पैकेजिंग पर उत्पाद का नाम, सामग्री, पोषण संबंधी जानकारी, एलर्जेन, बैच नंबर, निर्माण और समाप्ति तिथि के साथ 14 अंकों का FSSAI लाइसेंस नंबर देना अनिवार्य होगा। दूध, सोया, ग्लूटेन और मेवों से संबंधित एलर्जी की जानकारी भी स्पष्ट होनी चाहिए। खाद्य पदार्थों को अखबार या छपे हुए कागज में लपेटने पर रोक रहेगी। पैकेजिंग के लिए खाद्य-ग्रेड सामग्री का इस्तेमाल करना होगा। इसके अलावा वनस्पति वसा, मार्जरीन और शॉर्टनिंग में ट्रांस फैट की मात्रा दो प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए।

विभाग ने ब्रेड की गुणवत्ता और उसके नाम को लेकर भी स्पष्ट मानक तय किए हैं। केवल रंग मिलाकर किसी ब्रेड को ब्राउन या होल व्हीट ब्रेड बताकर बेचना नियमों के खिलाफ होगा। होल व्हीट ब्रेड में कम से कम 75 प्रतिशत साबुत गेहूं का आटा होना चाहिए। मल्टीग्रेन ब्रेड में अन्य अनुमन्य अनाजों की मात्रा न्यूनतम 20 प्रतिशत होनी चाहिए। मिल्क ब्रेड में दूध के ठोस पदार्थ कम से कम 6 प्रतिशत होने चाहिए। ओट, ब्रान, हनी और फ्रूट ब्रेड में भी संबंधित सामग्री की निर्धारित मात्रा जरूरी होगी।

खुले केक, पेस्ट्री, मफिन और कुकीज को शीशे के डिस्प्ले केस या खाद्य-ग्रेड कवर में रखना होगा। मक्खियों, धूल और बाहरी संक्रमण से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतनी होगी। कर्मचारियों को एप्रन, हेड नेट और दस्ताने पहनने होंगे। कारोबारियों को वैध लाइसेंस, कच्चे माल की खरीद के बिल, बैच रिकॉर्ड, कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड, पेयजल जांच रिपोर्ट और तापमान नियंत्रण से जुड़े दस्तावेज सुरक्षित रखने होंगे।  

Explore Related Topics

UP Food Safety Rules Bakery Food Safety Guidelines FSSAI Rules

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News