UP PCS Transfer: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर तबादलों का सिलसिला लगातार जारी है। शासन ने 55 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस बड़े प्रशासनिक बदलाव में विकास प्राधिकरण, मंडलायुक्त कार्यालय, नगर निकाय, राजस्व प्रशासन और अन्य महत्वपूर्ण विभागों में तैनात अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इससे पहले दो चरणों में 42 पीसीएस अधिकारियों का तबादला किया जा चुका है। चुनाव आयोग ने एक जिले में तीन साल या उससे अधिक समय से तैनात अधिकारियों को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसी निर्देश के अनुपालन में राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर तबादलों की प्रक्रिया तेज कर दी है। माना जा रहा है कि आगामी चुनावों को देखते हुए अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया जा रहा है।
शासन की ओर से जारी तबादला सूची के अनुसार अमरपाल सिंह को अपर आयुक्त सहारनपुर मंडल बनाया गया है। विवेक कुमार मिश्रा को सचिव वाराणसी विकास प्राधिकरण और सुशील प्रताप सिंह को सचिव गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी दी गई है। अतुल कुमार को सचिव लखनऊ विकास प्राधिकरण नियुक्त किया गया है। डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा को एडीएम हापुड़, बृजेश कुमार सिंह को ओएसडी नोएडा, पंकज कुमार को अपर आयुक्त चित्रकूट धाम मंडल और आलोक कुमार वर्मा को सचिव अयोध्या विकास प्राधिकरण बनाया गया है। वहीं विनय कुमार सिंह-2 को सचिव मेरठ विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्रांति शेखर सिंह को विशेष कार्याधिकारी, दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र में तैनात किया गया है। ज्ञान चंद्र गुप्ता को संयुक्त सीईओ अयोध्या तीर्थ विकास परिषद बनाया गया है। जयजीत कौर होरा को कुलसचिव, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के साथ अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय का दायित्व भी दिया गया है। रमेश यादव को अपर आयुक्त मेरठ मंडल, ज्योति सिंह को अपर आयुक्त वाराणसी मंडल और विवेक कुमार यादव को अपर आयुक्त आगरा मंडल नियुक्त किया गया है।
सुशील कुमार गोंड को उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। नगर निकायों में माया शंकर यादव को अपर नगर आयुक्त मेरठ, अविनाश त्रिपाठी को अपर नगर आयुक्त नगर निगम लखनऊ, रामकुमार को सहायक नगर आयुक्त वाराणसी और आरती को सहायक नगर आयुक्त मुरादाबाद नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कई एसडीएम और एडीएम को भी नई तैनाती दी गई है।
पीसीएस अधिकारियों के तबादलों से पहले रविवार दोपहर चार आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया। वर्ष 2022 बैच के शैलेंद्र कुमार सिंह को फिरोजाबाद का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बनाया गया है। वह अभी तक यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण में एसीईओ थे। आगरा की अपर आयुक्त प्रतिभा सिंह को फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। फिरोजाबाद के सीडीओ शत्रोहन वैश्य को श्रम विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं नोएडा में एसीईओ के पद पर तैनात वंदना त्रिपाठी को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें