Yogi Ki Pati: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर समाज के अलग अलग वर्गों में इसकी चर्चा हो रही है। जगतगुरु स्वामी सतीशाचार्य जी महाराज ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे सरकार और समाज के बीच विश्वास कायम करने का माध्यम बताया है।
‘योगी की पाती’ के अनेक संस्करणों को पढ़ने के बाद जगतगुरु सतीशाचार्य जी महाराज ने कहा कि इस पहल के जरिए प्रदेश के नागरिकों को यह संदेश मिलता है कि सरकार उनकी बात सुनने और उनकी परेशानियों को समझने का प्रयास कर रही है। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री का जनता से इस तरह सीधा बात चीत करना और जनता की बात सुनना शासन के सामाजिक संवेदना को सामने लाता है। इससे लोगों को यह महसूस होता है कि सरकार उनके सुख-दुख और रोजमर्रा की चुनौतियों से भी जुड़ना चाहती है।
किसानों से लेकर युवाओं और महिलाओं तक पहुंचने की कोशिश
जगतगुरु ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की भूमिका केवल योजनाएं बनाने और उन्हें जमीन पर उतारने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। जनता की आशायें, भावनाओं और समस्याओं को समझना भी शासन की जरूरी जिम्मेदारी है। ‘योगी की पाती’ के माध्यम से मुख्यमंत्री ने अलग-अलग समय पर समाज के अनेक वर्गों से जुड़े विषयों को उठाया है।
इन पत्रों में किसानों की समस्याओं, खेती, गोवंश संरक्षण, महिला सुरक्षा और सम्मान, युवाओं के रोजगार, कौशल विकास, धार्मिक आस्था और प्रदेश के विकास जैसे मुद्दों को जगह दी गई है। इससे अलग-अलग वर्गों तक अपनी बात पहुंचाने के साथ उन्हें सरकार की प्राथमिकताओं से परिचित कराने का प्रयास किया गया है।
1090 चौराहे पर प्रदर्शनी में दिख रहा 50 सप्ताह का सफर
‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने के अवसर पर लखनऊ के गोमतीनगर स्थित 1090 चौराहे पर विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें अब तक प्रकाशित पातियों के प्रमुख संदेशों और उनसे जुड़े विषयों को प्रदर्शित किया जा रहा है। प्रदर्शनी के जरिए लोग इस पहल की शुरुआत से लेकर अब तक की यात्रा को एक साथ देख और समझ सकते हैं।
इस अवसर पर सात दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव भी आयोजित किया जा रहा है। इसमें गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा को प्रस्तुत किया जा रहा है। किसान, खेती, गोवंश संरक्षण, महिला सुरक्षा, युवाओं के रोजगार, धार्मिक विरासत, एक्सप्रेसवे, मेट्रो, औद्योगिक विकास, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विषय इन प्रस्तुतियों का हिस्सा हैं।
इसके साथ ही इस पहल के 50 सप्ताह पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी कर चुके हैं। इसमें अब तक जारी पातियों के प्रमुख संदेशों और उनसे जुड़े सामाजिक व जनहित के मुद्दों को इकट्ठा किया गया है। पुस्तक के माध्यम से इन पत्रों की पूरी यात्रा को एक दस्तावेज के रूप में सहेजने का प्रयास किया गया है।
‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होना इस संवाद की निरंतरता को दर्शाता है। जगतगुरु सतीशाचार्य जी महाराज के अनुसार, इस तरह की पहल तभी सार्थक होती है जब संवाद के साथ जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में भी लगातार प्रयास हों। सरकार और समाज के बीच भरोसा मजबूत करने के लिए जनता की बात सुनना और उसकी अपेक्षाओं को समझना सबसे जरूरी कड़ी है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें