Wednesday, 18 November 2026 | Lucknow | 29°C

Gorakhpur News: गोरखपुर को मिलेगी सौगात, 491 करोड़ की लागत से बनेगा राज्य का पहला वानिकी विश्वविद्यालय

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को कैंपियरगंज तहसील के भारीवैसी में उत्तर प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय (फॉरेस्ट्री एंड हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी) का शिलान्यास करेंगे।
Bureau
Bureau News Desk
18 Nov 2026
04:47 PM
1 min read
Gorakhpur News: गोरखपुर को मिलेगी सौगात, 491 करोड़ की लागत से बनेगा राज्य का पहला वानिकी विश्वविद्यालय
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को करेंगे शिलान्यास
गोरखपुर में विश्वविद्यालयों की संख्या बढ़कर होगी पांच
पर्यावरण संरक्षण और शोध को मिलेगा बढ़ावा
792 करोड़ की 55 परियोजनाओं की सौगात देंगे सीएम योगी

Gorakhpur News: पूर्वांचल के शैक्षणिक और विकास के क्षेत्र में गोरखपुर एक नया इतिहास रचने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को कैंपियरगंज तहसील के भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय (फॉरेस्ट्री एंड हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी) का शिलान्यास करेंगे। करीब 50 हेक्टेयर (123.55 एकड़) भूमि पर 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह विश्वविद्यालय प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत में उच्च शिक्षा और पर्यावरण अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर दौरे के दौरान कुल 792.18 करोड़ रुपये की 55 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें 621.05 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास और 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। 

इस विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ ही गोरखपुर में संचालित विश्वविद्यालयों की संख्या बढ़कर पांच हो जाएगी। इससे पहले जिले में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय और प्रदेश का पहला महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय संचालित हैं। अब वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के रूप में जिले को एक और विशिष्ट शैक्षणिक संस्थान मिलने जा रहा है।

जिलाधिकारी दीपक मीणा के अनुसार भारीवैसी में बनने वाला विश्वविद्यालय आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसका मुख्य उद्देश्य वानिकी, कृषि वानिकी, उद्यानिकी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्रों में उच्च स्तरीय शिक्षा, शोध और नवाचार को बढ़ावा देना है। विश्वविद्यालय से उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों के विद्यार्थियों को भी वन विज्ञान और पर्यावरण प्रबंधन में बेहतर करियर के अवसर मिलेंगे।

प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह के मुताबिक विश्वविद्यालय में वानिकी एवं औद्यानिकी, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल उत्पादन और बागवानी जैसे विषयों की पढ़ाई होगी। यहां स्नातक (बीएससी), परास्नातक (एमएससी), पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसके अलावा विश्वविद्यालय से डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य वन सेवा और क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण देने का प्रस्ताव भी है।

इससे वन एवं पर्यावरण क्षेत्र में सरकारी सेवाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को लाभ मिल सकता है। विश्वविद्यालय परिसर में आधुनिक शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय, बहुउद्देशीय सभागार, 895 विद्यार्थियों की क्षमता वाला छात्रावास और 401 आवासीय यूनिट शामिल हैं। इसके साथ किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अतिथि गृह भी बनाया जाएगा। 

Explore Related Topics

Gorakhpur News Yogi Adityanath Forestry University Gorakhpur

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News