Lucknow News: राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित अशरफ विहार कॉलोनी में 22 साल की B.Arch छात्रा शिवानी मिश्रा की संदिग्धावस्था में मौत हो गयी। छात्रा की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। शिवानी मिश्रा मूल रूप से प्रयागराज जनपद के लेदहा गांव की रहने वाली थी। वह राजधानी लखनऊ में शक्ति अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 205 में किराए पर रहती थी। उसके साथ उसकी सहेलियां भी फ्लैट में रहती थी। बताया जा रहा है कि तीनों छात्राएं बीबीडी में पढ़ाई करती थी। साथ ही तीनों नौकरी भी करती थीं।
मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय शिवानी की सहेली रिया ने उसे देखा। शिवानी को देख रिया घबरा गई और उसने तुरंत परिचित अभिषेक चौधरी को बुलाया। इसके बाद दोनों ने मिलकर शिवानी को उठाया और आनन-फानन में राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गये। जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर चिनहट पुलिस भी मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य एकत्रित किये।
पुलिस ने जब कमरे का निरीक्षण किया, तब छत के पंखे से दुपट्टा लटकता हुआ मिला। पुलिस ने दुपट्टे को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं कमरे की तलाशी के दौरान शिवानी मिश्रा की डायरी से पुराना सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस बरामद सुसाइड नोट की लिखावट की जांच कर रहे हैं, ताकि यह पता चल सके कि उसका मौजूदा घटना से कोई संबंध है या नहीं। इसके साथ ही पुलिस अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। दूसरी ओर शिवानी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
शिवानी के पिता तुरंत लखनऊ पहुंचे। उन्होंने आत्महत्या की आशंका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बेटी की हत्या किए जाने का संदेह जताते हुए लिखित शिकायत दी है। साथ ही उन्होंने एफआईआर दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के संबंध में चिनहट इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा के अनुसार परिजनों की ओर से उठाए गए बिंदुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें