बाराबंकी जिले के रामनगर नगर पंचायत में शुक्रवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के साथ चार नए सभासदों ने आधिकारिक रूप से अपना दायित्व संभाल लिया। तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वार्ड-7 से उपचुनाव में निर्विरोध निर्वाचित सभासद आशुतोष शुक्ला सहित तीन नामित सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ लेने के बाद सभी सभासदों ने नगर के विकास, स्वच्छता और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प व्यक्त किया।
शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी (एसडीएम) आनंद तिवारी ने की। उन्होंने वार्ड-7 से निर्विरोध निर्वाचित सभासद आशुतोष शुक्ला के अलावा नामित सभासद इंद्रेश कुमार मौर्य, रामकुमार सोनी और अनिरुद्ध रावत को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद नव-शपथित सभासदों ने नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम आनंद तिवारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं तैयार करना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के सभासद स्थानीय प्रशासन और आम जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाते हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों तक पहुंचाएं और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
शपथ ग्रहण समारोह में बार अध्यक्ष शिव प्रकाश अवस्थी, सभासद अवनीश मिश्र, रमेश राठौर, इसरार खान, मोहम्मद उस्मान, उदय प्रताप, रिंकू शुक्ला, टिंकू तिवारी, राजेश शुक्ला और गौरीशंकर तिवारी सहित नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें