Monday, 23 November 2026 | Lucknow | 29°C

UP News: योगी सरकार का डिजिटल शिक्षा पर जोर, बालवाटिका से 12वीं तक के छात्रों को पढ़ाएंगे PM ई-विद्या के 5 चैनल

UP News: उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
Bureau
Bureau News Desk
23 Nov 2026
05:05 PM
1 min read
UP News: योगी सरकार का डिजिटल शिक्षा पर जोर, बालवाटिका से 12वीं तक के छात्रों को पढ़ाएंगे PM ई-विद्या के 5 चैनल
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
अब घर बैठे भी पढ़ सकेंगे यूपी के विद्यार्थी
कक्षा 6 से 12 तक विषयवार डिजिटल सामग्री
कक्षा के अनुसार अलग-अलग चैनलों पर होगा विषयवार प्रसारण
DTH के साथ YouTube पर भी मिलेगी पढ़ाई की सुविधा

UP News: उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में प्रदेश के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री ई-विद्या के पांच शैक्षिक चैनलों का संचालन किया जा रहा है। इन चैनलों के माध्यम से बालवाटिका से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए कक्षावार और विषयवार शैक्षिक कार्यक्रम प्रसारित किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ डिजिटल माध्यम से भी सीखने का अवसर देना है। इससे बच्चे अपनी सुविधा के अनुसार पाठों को समझने, दोहराने और विषयों की बेहतर तैयारी कर सकेंगे। साथ ही शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक, सरल और गतिविधि आधारित बनाने में भी मदद मिलेगी।

संयुक्त निदेशक (एसएसए) डॉ. पवन सचान के अनुसार राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के माध्यम से पांच चैनलों पर अलग-अलग कक्षाओं के लिए कार्यक्रम प्रसारित किए जा रहे हैं। इनमें चैनल 173 पर बालवाटिका से कक्षा 2 तक, चैनल 174 पर कक्षा 3 से 5 तक, चैनल 175 पर कक्षा 6 से 8 तक, चैनल 176 पर कक्षा 9 और 10 तथा चैनल 177 पर कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों के लिए शिक्षण सामग्री उपलब्ध है।

एससीईआरटी के निदेशक गणेश कुमार ने बताया कि शुरुआती कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए भाषा और गणित की बुनियादी समझ विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। बालवाटिका के बच्चों को अक्षरों की पहचान, शब्द निर्माण और संख्या की प्रारंभिक जानकारी दी जा रही है। कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों के लिए गिनती, रंगों, आकृतियों और अक्षरगीत से जुड़े कार्यक्रम तैयार किए गए हैं। वहीं, कक्षा 3 से 5 तक के बच्चों के लिए हिंदी, अंग्रेजी, गणित और पर्यावरण अध्ययन की सामग्री प्रसारित होती है। 'द बिग लड्डू', 'बादल और मोती', 'टॉकिंग टॉयज', 'हिडन ट्रेजर' और 'वाराणसी की यात्रा' जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से पढ़ाई को रोचक बनाया जा रहा है।

माध्यमिक और उच्च माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए भी अलग-अलग विषयों के कार्यक्रम उपलब्ध हैं। कक्षा 6 से 8 तक हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान और गणित पढ़ाया जाता है। कक्षा 9 और 10 के लिए हिंदी, अंग्रेजी और गणित की सामग्री प्रसारित होती है। कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों को रसायन विज्ञान, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र और अंग्रेजी जैसे विषयों की पढ़ाई कराई जा रही है। इनमें 'ठोस अवस्था', 'संविधान-क्यों और कैसे' और 'राष्ट्र-निर्माण की चुनौतियां' जैसे महत्वपूर्ण पाठ शामिल हैं।

इन शैक्षिक कार्यक्रमों की शूटिंग एसआईईटी स्टूडियो में विशेषज्ञों की देखरेख में की जाती है। एसआईईटी के निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल के निर्देशन में तैयार होने वाले कार्यक्रमों में विषयों को सरल और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जाता है। खास बात यह है कि पीएम ई-विद्या के पांचों चैनल DTH के साथ YouTube पर भी उपलब्ध हैं। इससे विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक अपनी सुविधा के अनुसार शैक्षिक वीडियो देख सकते हैं। महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के अनुसार, सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना और तकनीक के माध्यम से सीखने के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

Explore Related Topics

PM eVidya PM eVidya Channels UP Education News

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News