Ambedkar Nagar News: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या की क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की अंतरमहाविद्यालयीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन बीएनकेबी पीजी कॉलेज, अकबरपुर के खेल मैदान में किया गया। प्रतियोगिता में महिला खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए मैदान पर अपनी प्रतिभा और दमखम का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में लालबहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोंडा की टीम ने अवध विश्वविद्यालय परिसर, अयोध्या को 13-09 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 65 यूपी बटालियन एनसीसी अयोध्या के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ज्ञानप्रकाश पांडेय, रमाबाई महिला पीजी कॉलेज अकबरपुर के प्राचार्य डॉ. अरविंद वर्मा तथा बीएनकेबी पीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. शुचिता पांडेय ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद फीता काटकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पं. रामलखन शुक्ला राजकीय डिग्री कॉलेज आलापुर के प्राचार्य प्रो. जेबी सिंह, अवध विश्वविद्यालय-महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. जनमेजय तिवारी, महामंत्री डॉ. अमूल्य सिंह तथा विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव डॉ. आशीष प्रताप सिंह मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में लालबहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोंडा ने मेजबान बीएनकेबी पीजी कॉलेज, अकबरपुर को 18-10 के अंतर से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, पिछले विजेता होने के आधार पर डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परिसर, अयोध्या को फाइनल में वॉकओवर मिला। फाइनल में गोंडा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अयोध्या की टीम को 13-09 से शिकस्त देकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। विश्वविद्यालय पर्यवेक्षक संजय शर्मा ने विभिन्न महाविद्यालयों से बिना टीम के पहुंची महिला खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया।
साथ ही भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) की टीम के चयन के लिए खिलाड़ियों के प्रदर्शन का अवलोकन किया गया। प्रतियोगिता में राजेंद्र प्रताप सिंह, विजय प्रताप सिंह, मानवेन्द्र प्रताप सिंह, अखंड प्रताप सिंह, कृष्ण भानु सिंह, अर्पित सिंह एवं शिवांग शुक्ल ने ऑफिशियल की भूमिका निभाई। खेल की रोचक कमेंट्री वागीश शुक्ल और संतोष कुमार ने की। आयोजन सचिव डॉ. हरिओम शर्मा सहित महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
महाविद्यालय प्रशासन की ओर से बाहर से आई महिला खिलाड़ियों, टीम मैनेजरों और निर्णायकों के ठहरने, जलपान एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों के आधार पर विश्वविद्यालय की महिला बास्केटबॉल टीम का चयन किया जाएगा। चयनित टीम आगामी 27 से 30 जनवरी 2027 तक सत्यभामा इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, चेन्नई में आयोजित अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता में अवध विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें