अम्बेडकरनगर में उद्योग, निवेश और स्वरोजगार योजनाओं को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में आयोजित जिला उद्योग बंधु एवं जिला व्यापार बंधु की संयुक्त बैठक में लंबित आवेदनों, बैंक ऋण वितरण और निवेश से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों और बैंकों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निवेशकों, उद्यमियों और व्यापारियों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी का सामना नहीं करना चाहिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर विभिन्न विभागों में लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार और निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप निवेशकों को पारदर्शी, सरल और त्वरित सेवाएं मिल सकें।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को 169 लाभार्थियों का लक्ष्य मिला है। अब तक 117 आवेदन बैंकों को भेजे जा चुके हैं। इनमें 23 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया है, जबकि 19 आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं।
जिलाधिकारी ने बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सहित सभी संबंधित बैंकों को निर्देश दिए कि स्वीकृत और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जाए।
एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) ऋण योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 50 लाभार्थियों के लक्ष्य के मुकाबले 58 आवेदन बैंकों को भेजे गए हैं। इनमें 11 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा 13 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया है।
जिलाधिकारी ने शेष लंबित आवेदनों का भी शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक उद्यमियों को योजना का लाभ मिल सके।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम-युवा) के निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं उपायुक्त उद्योग ने उद्यमियों एवं व्यापारियों को एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) और उसकी विपणन प्रोत्साहन योजना की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
जिला व्यापार बंधु की बैठक के दौरान व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेंद्र कुमार, उपायुक्त उद्योग, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय, पूर्ति विभाग के अधिकारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, उद्यमी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें