CM Yogi Adityanath Mother Last Rite: हरिद्वार के चंडी घाट पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का पूरे धार्मिक रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इस भावुक कर देने वाले पल में सीएम योगी खुद को संभाल नहीं सके और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मां को अंतिम विदाई देते समय योगी काफी भावुक नजर आए। सीएम योगी के छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट ने मां को मुखाग्नि दी।
सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में देशभर से साधु-संत, संत समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और कई लोग शामिल हुए। हरिद्वार के चंडी घाट पर 13 अखाड़ों के आचार्य और श्रीमहंत भी मौजूद रहे। घाट पर हिंदू धार्मिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार की सभी रस्में निभाई गईं। पार्थिव शरीर के चंडी घाट स्थित श्मशान पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की तैयारियां की गईं। इस दौरान चंडी घाट पर सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा।
उत्तराखंड के पौड़ी जिले का पंचूर गांव हरिद्वार के चंडी घाट को अपना पैतृक घाट मानता है। गांव में किसी परिजन के निधन पर अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर हरिद्वार ले जाने की परंपरा रही है। इसी परंपरा के तहत सावित्री देवी का अंतिम संस्कार भी इसी घाट पर किया गया। सावित्री देवी की अंतिम यात्रा पंचूर गांव से लक्ष्मण झूला-कांडी मोटर मार्ग होते हुए बैराज के रास्ते चंडी घाट पहुंची। सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी की अंतिम यात्रा के दौरान रास्ते में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धांजलि दी। शव वाहन पर फूल बरसाकर लोगों ने संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी हरिद्वार चंडीघाट पहुंचे और सीएम योगी की मां को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मत्स्य पालन मंत्री संजय निषाद के अलावा कई सांसद व विधायक भी चंडीघाट पहुंचे। गौरतलब है कि 21 अप्रैल 2020 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हो गया था। कोरोना महामारी की पाबंदियों के चलते उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार की जगह फूलचट्टी घाट पर किया गया था।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें