मुहर्रम का चांद दिखाई देने के साथ ही अम्बेडकरनगर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए नगर क्षेत्र में पैदल मार्च किया और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने नगर क्षेत्र स्थित दरगाह परिसर और पारंपरिक ताजिया जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान संवेदनशील स्थलों और यातायात डायवर्जन के लिए निर्धारित मार्गों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के बाद डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को मुहर्रम के दौरान हर गतिविधि पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विशेष निगरानी रखने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि मुहर्रम पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर शांति और सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें