राजधानी लखनऊ में मनोरंजन, खेल और पारिवारिक आयोजनों के लिए एक नई सुविधा जुड़ गई है। शहर में विकसित नए 'एवेंजर्स पार्क' का रविवार को उद्घाटन किया गया। करीब 3 लाख वर्गफुट क्षेत्र में तैयार इस पार्क का उद्घाटन पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने फीता काटकर किया। समारोह में एमएलसी विनीत सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह (प्रिन्यू), दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष शक्ति सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद आयोजकों ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए।
आयोजकों के अनुसार पार्क को इस तरह विकसित किया गया है कि यहां बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध हों। पार्क में बच्चों के लिए विशेष प्ले एरिया बनाया गया है। इसके अलावा स्विमिंग पूल, बैडमिंटन कोर्ट, लॉन टेनिस कोर्ट, मैरिज लॉन, व्यावसायिक शॉप्स और बड़ी पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है पार्क परिसर में 500 से अधिक विकसित पेड़ लगाए गए हैं, जिससे हरियाली बढ़ाने के साथ आगंतुकों को पर्यावरण अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा कि इस पार्क के शुरू होने से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पूरे लखनऊ के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने पार्क के निर्माण में योगदान देने वाले सिद्धार्थ जैन, पंकज, शेखर त्रिपाठी और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में धनंजय सिंह ने विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर भी प्रतिक्रिया दी। अयोध्या राम मंदिर दान गबन मामले से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद सरकार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर ट्रस्ट ने प्रथम दृष्टया आठ लोगों को दोषी माना, जिनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है। उनके अनुसार मामले की जांच अभी जारी है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बिहार में भरत तिवारी एनकाउंटर से जुड़े सवाल पर धनंजय सिंह ने कहा कि यदि टेलीविजन पर दिखाई गई परिस्थितियां सही हैं, तो ऐसी स्थिति में किसी की हत्या उचित नहीं कही जा सकती। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार को मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अदालत भी मामले का स्वतः संज्ञान ले सकती है।
उत्तर प्रदेश में विकास और निवेश के मुद्दे पर धनंजय सिंह ने कहा कि भाजपा और एनडीए सरकार के कार्यकाल में राज्य में आधारभूत ढांचे और एमएसएमई क्षेत्र में निवेश बढ़ा है। उनके अनुसार पूर्वांचल सहित प्रदेश के कई हिस्सों में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना हुई है, जिससे रोजगार के अवसरों में वृद्धि हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में राज्य निवेश और रोजगार के क्षेत्र में और मजबूत होगा तथा पलायन में भी कमी आएगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें